सेवानिवृत कर्मचारियों को भी राजनीतिक दल निकाय चुनाव में बनाए प्रत्याशी

राजस्थान शिक्षक संघ (राधाकृष्णन) सामाजिक सरोकार प्रकोष्ठ व राधाकृष्णन सेवानिवृत्त शिक्षक प्रकोष्ठ की प्रमुख मांग
आगामी नगर निकाय चुनावों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिले उचित प्रतिनिधित्व, भाजपा व कांग्रेस के जिलाध्यक्षों से की मांग
राजस्थान शिक्षक संघ (राधाकृष्णन) के सामाजिक सरोकार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश शर्मा एवं सेवानिवृत्त शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह रावत ने संयुक्त बयान जारी कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) एवं इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC) के जिलाध्यक्षों से आगामी नगर निकाय चुनावों में सेवानिवृत्त राज्य कर्मचारियों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने की पुरजोर मांग की है।
संघ की ओर से मांग की गई है कि अजमेर नगर निगम क्षेत्र में कम से कम 5 वार्डों में, तथा किशनगढ़, पुष्कर, विजयनगर, मसूदा, केकड़ी एवं ब्यावर नगर परिषद व नगरपालिका क्षेत्रों में क्रमशः कम से कम 3 एवं 2 टिकट सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से दिए जाएं।
इसी प्रकार राज्य के अन्य जिलों में भी स्थानीय निकाय के चुनाव में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रतिनिधित्व प्रदान करें।
सतीश शर्मा एवं मदन सिंह रावत ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने लंबे सेवाकाल के दौरान प्रशासनिक बारीकियों, जनसेवा एवं विकास कार्यों का गहन अनुभव हासिल करते हैं। उनकी कार्यकुशलता, कर्मठता और सत्यनिष्ठा का लाभ यदि स्थानीय निकायों को मिले, तो नगर निगमों व नगर पालिकाओं के आगामी विकास कार्य अत्यधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी व प्रभावकारी सिद्ध होंगे।
राजस्थान के लाखों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के इस समृद्ध अनुभव का उपयोग जनहित में किया जाना चाहिए। निकाय चुनावों में उन्हें टिकट देकर प्रतिनिधित्व प्रदान करने से न केवल उनका मनोबल बढ़ेगा, बल्कि आम जनता को भी एक कुशल व अनुभवी नेतृत्व प्राप्त होगा। दोनों प्रकोष्ठों ने राजनीतिक दलों से आग्रह किया है कि वे प्रत्याशियों के चयन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की अनदेखी न कर उन्हें प्राथमिकता दें।
सतीश शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष
सामाजिक सरोकार प्रकोष्ठ
मदन सिंह रावत
सेवानिवृत शिक्षक प्रकोष्ठ

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!