*राधा-कृष्ण की मनमोहक छटा से सजा वर्द्धमान स्कूल, हर्षोल्लास से मनी श्री कृष्ण जन्माष्टमी*

ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित वर्द्धमान स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, भक्तिभाव एवं सांस्कृतिक रंगों के साथ धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों, आकर्षक सजावट एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वर्द्धमान रूट्स की प्रधानाचार्या श्वेता नाहर रहीं। कार्यक्रम का संचालन अलका वर्मा द्वारा प्रभावी एवं रोचक ढंग से किया गया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रेरणादायक प्रसंगों को छात्राओं के समक्ष प्रस्तुत करते हुए श्रीकृष्ण जन्म, गोवर्धन पर्वत धारण, कालिया नाग मर्दन सहित अनेक कथाओं के माध्यम से उनके जीवन में निहित साहस, कर्तव्यबोध, धर्म एवं मानवता के संदेश को सरल एवं रोचक शैली में समझाया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्वेता नाहर ने छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, प्रेम, धर्म, कर्तव्य एवं सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार नाहर ने छात्राओं को श्रीकृष्ण जन्म की कथा सुनाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं शिक्षाओं से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा भी है। उनके जीवन से हमें कठिन परिस्थितियों में साहस बनाए रखने, अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा सत्य एवं धर्म के मार्ग पर दृढ़ रहने की सीख मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में नृत्य, भजन एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। रंग-बिरंगी वेशभूषा, आकर्षक मंच सज्जा एवं भक्तिमय संगीत ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की कोरियोग्राफी शीतल टेलर एवं शालिनी सांखला द्वारा की गई। वहीं कार्यक्रम की क्राफ्टिंग एवं रचनात्मक सज्जा का कार्य कविता सोलंकी द्वारा किया गया, जिनकी आकर्षक सज्जा ने आयोजन की सुंदरता में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम के अंत में हनी सिंह रावत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!