मतदान के बाद पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष राठौड़ का बड़ा दावा
अजमेर। नगर निगम चुनाव के मतदान के बाद सामने आए मतदान प्रतिशत को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने खुशी जताई है और इसे कांग्रेस की जीत करार दिया है। पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने मतदान प्रतिशत को कांग्रेस के पक्ष में बताते हुए कहा कि अजमेर की जनता ने भाजपा सरकार के कुशासन और ट्रिपल इंजन सरकार की नाकामी और अजमेर स्मार्ट सिटी की हुई बदतर हालात के खिलाफ मतदान किया है। जनता ने कांग्रेस के चुनावी वादों पर भरोसा किया है। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान जनता में जिस तरह का उत्साह देखने को मिला, उससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि इस बार अजमेर में बदलाव की लहर है। उन्होंने दावा किया कि अजमेर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बन रहा है। कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ा और जनता का भी पार्टी को व्यापक समर्थन मिला है। इतना ही नहीं पुष्कर नगर परिषद और किशनगढ़ नगर परिषद इन दोनों निकायों में भी कांग्रेस के पक्ष में परिणाम आने जा रहे हैं। अब मतदान के बाद कांग्रेस के इस दावे ने स्थानीय राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।