प्रातः 8 बजे से शुरू होगी मतगणना, दो भवनों के छह कक्षों में होगी मतों की गणना
अजमेर, 13 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत अजमेर नगर निगम के लिए डाले गए मतों की मतगणना सोमवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी। मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने रविवार को पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला के साथ मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने बताया कि मतगणना प्रातः 8 बजे से प्रारम्भ होगी। इसके लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के दो भवनों में स्थापित छह कक्षों में मतों की गणना की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा मतगणना प्रक्रिया को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल एवं पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक भवन पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परिसर के तीनों प्रवेश द्वारों से केवल निर्धारित एवं अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना स्थल के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट प्रतिबंधित रहेंगे। मतगणना के लिए प्रशिक्षित कार्मिकों को तैनात किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ऑब्जर्वर कक्ष एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। मतगणना कार्मिकों, प्रत्याशियों के अधिकृत काउंटिंग एजेंट एवं मीडिया प्रतिनिधियों के लिए गर्मी को ध्यान में रखते हुए परिसर में टेंट, छाया, पेयजल एवं कूलर की व्यवस्था की गई है। बैठने, पेयजल, नेटवर्क सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। हाई स्पीड इंटरनेट नेटवर्क के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि मतगणना से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए डीओआईटी एवं सांख्यिकी विभाग के कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। मीडिया सेंटर के माध्यम से मतगणना से संबंधित जानकारी लगातार उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। माखुपुरा चौराहे से पूर्व यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा। वाहनों की पार्किंग के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है तथा निर्धारित अलग-अलग स्थानों पर वाहन पार्क किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने अधिकारियों एवं मतगणना कार्मिकों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विजयी प्रत्याशी विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे।
नगरीय निकाय चुनाव के बाद विजय जुलूस पर प्रतिबंध
अजमेर, 13 सितम्बर। राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार जिले में नगरीय निकायों के आम चुनाव 2026 की प्रक्रिया जारी है। चुनाव की घोषणा के साथ ही नगरीय निकाय क्षेत्रों में वर्तमान में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। चुनाव के बाद विजय जुलूस नहीं निकाले जा सकेंगे साथ ही विभिन्न प्रतिबन्ध भी लागू रहेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट श्री लोक बन्धु ने बताया कि सोमवार 14 सितम्बर को मतगणना के दौरान व मतगणना के पश्चात किसी भी व्यक्ति, राजनैतिक दलों, प्रत्याशियों, उनके कार्यकर्ताओं, समर्थक एवं सहयोगियों द्वारा समस्त प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्रों, लाउडस्पीकर, डीजे, पटाखों-आतिशबाजी का उपयोग पूर्णतः प्रतिबनिधत रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार का विजय जुलूस, समारोह तथा सभा आदि का आयोजन भी प्रतिबन्धित रहेगा।
उन्होंने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अन्तर्गत निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए अजमेर जिले की नगरीय निकाय सीमाओं के अंतर्गत निर्वाचित सदस्यों, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष द्वारा चुनाव परिणाम के पश्चात विजय जुलूस निकाला जाना प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध पूर्व में जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों की निरंतरता में लागू किया गया है।
मतगणना के मद्देनजर जिले के आठ संस्थानों में 14 सितम्बर को अवकाश घोषित
किशनगढ़, पुष्कर, नसीराबाद सहित छह नगरपालिकाओं के मतगणना केन्द्रों पर रहेगा अवकाश
अजमेर, 13 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नगर परिषद किशनगढ़, नगर परिषद पुष्कर, नगर पालिका नसीराबाद, नगर पालिका पीसांगन, नगर पालिका सावर, नगर पालिका सरवाड़, नगर पालिका केकड़ी एवं नगर पालिका टांटोटी के लिए निर्धारित स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थलों पर सोमवार, 14 सितम्बर को मतगणना आयोजित होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने बताया कि मतगणना के दौरान अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं गणन अभिकर्ताओं तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों के वाहनों की पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर श्री लोक बन्धु ने संबंधित संस्थानों में 14 सितम्बर को अवकाश घोषित किया है। मतगणना की प्रक्रिया को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने तथा संबंधित संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अवकाश घोषित किया गया है। मतगणना के दौरान निर्धारित सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं संबंधित विभागों द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि कंवर लाल पाटनी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय किशनगढ़, खादी ग्रामोद्योग भवन पुष्कर, श्री गोविन्द सिंह गुर्जर राजकीय महाविद्यालय नसीराबाद, पंचायत समिति पीसांगन, राजकीय महाविद्यालय सावर, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरवाड़, राजकीय महाविद्यालय केकड़ी तथा राजकीय महाविद्यालय टांटोटी संस्थानों में अवकाश रहेगा।