महाराष्ट्र हिन्दी साहित्य अकादमी की काव्य प्रस्तुति में शौर्य रस और देशभक्ति की काव्य फुहारों में भीगे दर्शक

मुंबई, 15 सितम्बर। महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी द्वारा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में मनाये गये राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित काव्य प्रस्तुति कार्यक्रम में मौजूद दर्शक शौर्य रस और देशभक्ति भावना की काव्यात्मक फुहारों में भीगकर प्रफुल्लित हो गये।
यह सुरुचिपूर्ण कार्यक्रम मुंबई के प्रभादेवी स्थित पु. ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी के लघु सभागार में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी के पूर्व कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दुबे ने की, जबकि फिल्म सिटी के पूर्व उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में नागपुर की सुप्रसिद्ध कवयित्री सुश्री श्रद्धा शौर्य ने अपनी ओजस्वी शैली में नारी शक्ति और राष्ट्रीय चेतना को समर्पित वीर रस की विभिन्न रचनाऍं सुनाकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया और भरपूर तालियॉं बटोरीं। मुंबई के चर्चित हास्य कवि सुरेश मिश्र ने अपने चटपटे अंदाज़ में रोचक काव्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को गुदगुदाया, वहीं राष्ट्र गीत वंदे मातरम पर अपनी विशेष काव्यात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से देशभक्ति की भावना को प्रज्ज्वलित किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन मुंबई महानगर के वरिष्ठ पत्रकार और साहित्यकार डॉ. अजीत राय ने किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्र गीत एवं महाराष्ट्र राज्य गीत की प्रस्तुतियों के साथ और समापन राष्ट्र गान के साथ हुआ। प्रारम्भ में महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी के पूर्व कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दुबे ने मुख्य अतिथि और दोनों रचनाकारों को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह एवं पुस्तक भेंट कर स्वागत सत्कार किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी के पूर्व सदस्य गजानन महतपुरकर और सुश्री कमला‌ बडोनी सहित विभिन्न वरिष्ठ साहित्यकार और काव्य प्रेमी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!