सराधना में दो दिवसीय क्लस्टर कार्यशाला सम्पन्न

गतिविधि आधारित एवं बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों पर शिक्षकों को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
सराधना (अजमेर)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सराधना, अजमेर ग्रामीण में 22 एवं 23 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 5 तक अध्यापन कराने वाले शिक्षकों के लिए दो दिवसीय क्लस्टर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ पीईईओ सराधना श्रीमती मीनू चतुर्वेदी एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सराधना की प्रधानाचार्य श्रीमती ममता जैन ने दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया।
कार्यशाला के दौरान दक्ष प्रशिक्षक रामदेव कालेल ने FLN, ABL Kit एवं TLM के माध्यम से गतिविधि आधारित तथा खेल-खेल में शिक्षण की प्रभावी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रथम दिवस हिंदी एवं पर्यावरण विषयों तथा द्वितीय दिवस गणित एवं अंग्रेजी विषयों पर शिक्षकों को विभिन्न गतिविधियों एवं शिक्षण सामग्री के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में शिक्षकों को विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने, विषय को सरल एवं रोचक बनाने तथा कक्षा-कक्ष में बाल-केंद्रित एवं आनंदमय वातावरण विकसित करने की नवीन शिक्षण विधियों का अभ्यास कराया गया। शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सीखी गई तकनीकों को व्यवहार में अपनाने का अभ्यास किया।
कार्यशाला के व्यवस्थापक के रूप में नरेंद्र भांवरिया ने अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।
द्वितीय दिवस कार्यशाला का अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक चंद्रवीर सिंह राठौड़ एवं कार्यक्रम अधिकारी अजय सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा शिक्षकों द्वारा किए जा रहे गतिविधि आधारित प्रशिक्षण की सराहना की।
कार्यशाला का उद्देश्य प्राथमिक कक्षाओं में शिक्षण को अधिक प्रभावी, रोचक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाना रहा। दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने नवीन शिक्षण तकनीकों एवं गतिविधियों का अभ्यास कर उन्हें अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!