ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस के अवसर पर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया । शिविर का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता एवं समसामयिक विषयों के प्रति रुचि विकसित करना रहा।
शिविर में विकसित भारत क्विज एवं स्वच्छता बनाम स्वास्थ्य विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान देश के विकास, भारतीय संविधान, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, सामान्य ज्ञान तथा समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। छात्राओं ने अपनी ज्ञान एवं तर्क क्षमता का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर छात्राओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए राष्ट्र के विकास में युवा शक्ति की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक, शिक्षित एवं जिम्मेदार युवा ही देश को विकास की नई दिशा प्रदान कर सकते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना छात्राओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ‘विकसित भारत क्विज’ जैसी ज्ञानवर्धक गतिविधियां छात्राओं को देश की प्रगति एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
एनएसएस अधिकारी प्रीति शर्मा ने स्वयंसेविकाओं को बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना का आदर्श वाक्य “नॉट मी बट यू” हमें निस्वार्थ भाव से सेवा करना सिखाता है, हमें समाज एवं अन्य लोगों के प्रति विचारशील होना चाहिए, अपने कर्तव्यों के लिए सजग रहना चाहिए तथा सदैव राष्ट्रहित के लिए कार्य करने की सीख दी । कार्यक्रम के अंत में एनएसएस अधिकारी कोमल गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया ।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में उत्साह एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण रहा। एक दिवसीय शिविर के माध्यम से छात्राओं को ज्ञानवर्धक गतिविधि के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर मिला। शिविर के अंत में अल्पाहार का वितरण किया गया ।