बेहद भव्य रहा जैन समाज के राष्ट्रीय अलंकरण

‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ समारोह का आयोजन

सेवा, समाज, मूल्यों और संस्कारों का हुआ सम्मान, उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियां सम्मानित

 30 सितंबर, 2026 / मुंबई। समाजसेवा, जनकल्याण और मानवीय मूल्यों को समर्पित जैन धर्म के राष्ट्रीय अलंकरण ‘दर्शन सागर अवॉर्ड–2026’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन राष्ट्रसंत आचार्य चंद्रानन सागर के सानिध्य में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नीरज डांगी के हाथों सिल्वर किंग कांतिलाल मेहता, समाजसेवी डेवलपर प्रवीण कोठारी, गुरुभक्त मनोज जैन, उद्योगपति दिलीप चंदन एवं धर्मप्रेमी ठलियावाला को उनके उल्लेखनीय सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों के लिए दर्शन सागर अवॉर्ड–2026’ से सम्मानित किया गया। विधायक नरेंद्र मेहता को समाज के प्रति उनके योगदान के लिए ‘दर्शन सागर जनगौरव सम्मान’ प्रदान किया गया। नाकोड़ा दर्शन धाम ट्रस्ट के चेयरमेन सुखराज नाहर की अगुवाई में दर्शन सागर अवॉर्ड समिति के प्रवीण शाह एवं निरंजन परिहार के सफल संयोजन में आयोजित इस समारोह में जस्टिस केके तातेड़ सहित ठाणे के तीन विधायक, संजय केलकर, रवि फाटक एवं निरंजन डावखरे भी मंच पर थे। देश के विभिन्न जैन तीर्थों, ट्स्टों एवं संस्थाओं के पदाधिकारी भी इस समारोह में विशेष रूप से उपस्थित थे।

जैन समाज में राष्ट्रीय अलंकरण के रूप में विख्यात ‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ समारोह के मुख्य अतिथि सांसद नीरज डांगी ने सम्मानित व्यक्तित्वों के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज की प्रगति केवल आर्थिक विकास से नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और परोपकार की भावना से भी सुनिश्चित होती है और जैन समाज इस दिशा में सबसे आगे है। राष्ट्रसंत आचार्य चंद्रानन सागर के महामांगलिक व्याख्यान ने समारोह को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी वातावरण प्रदान किया। अपने आशीर्वचन में उन्होंने सेवा को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए समाज के सक्षम वर्ग से जरूरतमंदों के उत्थान और सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। संस्था के चेयरमेन सुखराज नाहर ने कहा कि अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान देने का प्रयास करने वाले व्यक्तित्वों का यह सम्मान आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्तंभ है। विधायक नरेंद्र मेहता ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रीय स्तर के जैन अलंकरण ‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ समारोह ने सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को पहचान देने और नई पीढ़ी को सेवा एवं संस्कारों की दिशा में प्रेरित करने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाया।

विख्यात जैन संत गच्छाधिपति दर्शन सागर सूरीश्वर महाराज की 33वीं पुण्यतिथि पर आयोजित यह 20वां दर्शन सागर अवॉर्ड समारोह था, जिसमें सम्मानित विभूतियों के सामाजिक जीवन और सेवा कार्यों को भी विशिष्ट रूप से रेखांकित किया गया। कार्यक्रम के लाभार्थी प्रवीण कुमार पूनमचंद ओसवाल थे, जिसमें समाज के गणमान्य नागरिक, उद्योगपति, समाजसेवी, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह समारोह केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज सेवा, मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को आगे बढ़ाने का भी इस समारोह ने संदेश दिया। महिलाएं भी बहुत बड़ी संख्या में उपस्थित थीं। श्री नाकोड़ा दर्शन धाम ट्रस्ट के चेयरमेन सुखराज नाहर, दर्शन सागर अवॉर्ड समिति के प्रवीण शाह एवं निरंजन परिहार सहित ठाणे जैन संघ ने आयोजन की सफलता में सहभागी सभी सहयोगियों तथा पधारे हुए सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!