उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने वाणिज्यिक व परिचालन क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सितंबर 2026 तक का सर्वाधिक राजस्व अर्जित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस अवधि के दौरान मंडल का कुल राजस्व ₹1020.65 करोड़ तक पहुंच गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव के अनुसार, यह उपलब्धि वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती भारती भारद्वाज के निर्देशन में परिचालन विभाग सहित मंडल के अन्य सभी विभागों के बेहतर समन्वय का परिणाम है। साथ ही, यह माल ढुलाई, यात्री सुविधाओं और गैर-किराया राजस्व के सुदृढ़ीकरण की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों से संभव हुआ है।
राजस्व के विभिन्न घटकों पर दृष्टि डालें तो माल भाड़ा परिवहन आय का सबसे बड़ा स्रोत रहा, जिससे ₹525.71 करोड़ की आय दर्ज की गई। वहीं, यात्री परिवहन क्षेत्र से ₹432.32 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। इस अवधि में मंडल क्षेत्र से यात्रा शुरू करने वाले कुल यात्रियों की संख्या 146.11 लाख रही।
परिवहन सेवाओं के अतिरिक्त अन्य वाणिज्यिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। प्रभावी निगरानी और सघन जांच अभियानों के फलस्वरूप टिकट चेकिंग से ₹10.78 करोड़ प्राप्त हुए। इसके अलावा गैर-किराया राजस्व (नॉन-फेयर रेवेन्यू) मद में ₹2.46 करोड़ तथा स्टेशनों पर पार्किंग प्रबंधन से ₹1.38 करोड़ का राजस्व एकत्रित किया गया।
इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने कहा कि अजमेर मंडल परिचालन दक्षता, यात्री सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे उत्कृष्ट प्रदर्शन को दोहराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*