करनाल के मैट पर ब्यावर का दम, अंशिका ने जीता सोना-कनक ने चांदी

सीबीएसई की राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में बी.एल. गोठी स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन; चार विद्यार्थियों ने की भागीदारी, दो पदकों के साथ राष्ट्रीय मंच पर छोड़ी छाप
ब्यावर। हरियाणा के करनाल में जूडो के राष्ट्रीय मुकाबलों के बीच ब्यावर की प्रतिभाओं ने पदकों पर पंच लगाया। सीबीएसई की राष्ट्रीय स्तर की जूडो प्रतियोगिता में बी.एल. गोठी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्यावर की अंशिका गेहलोत ने स्वर्ण और कनक चौहान ने रजत पदक जीतकर विद्यालय के साथ शहर का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चार खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें दो ने पदक अपने नाम किए।
अंशिका गहलोत ने अंडर-36 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं कक्षा 12 के छात्र कनक चौहान ने अंडर-19 के -45 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एक स्वर्ण, एक रजत… राष्ट्रीय मंच पर गोठी की दोहरी चमक
राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में दो पदक हासिल करने से विद्यालय परिवार में उत्साह रहा। खिलाड़ियों की उपलब्धि को विद्यालय ने उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। प्रतियोगिता में शामिल अन्य दो विद्यार्थियों की भागीदारी को भी सराहा गया।
पदक लेकर लौटे खिलाड़ी, अजमेर जंक्शन पर हुआ अभिनंदन
कर्णाल से वापसी पर 5 अक्टूबर को अजमेर जंक्शन पर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। बी.एल. गोठी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार शर्मा और वर्द्धमान स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद नाहर ने चारों खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
स्कूल पहुंचीं राष्ट्रीय उपलब्धियां, वर्द्धमान परिवार ने बढ़ाया हौसला
अगले दिन 6 अक्टूबर को विद्यालय परिसर में चारों खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के सचिव डॉ. नरेंद्र पारख एवं रमेश मेडतवाल ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया।
राष्ट्रीय पदक पूरे विद्यालय परिवार का गौरव’ : डॉ. पारख
डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों के परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मेहनत, अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम’ : शर्मा
प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करना विद्यालय के साथ ब्यावर के लिए भी गौरव का विषय है। ऐसी उपलब्धियां दूसरे विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अंशिका गेहलोत एवं कनक चौहान को राष्ट्रीय पदक जीतने पर बधाई दी तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले चारों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!