फैशन, मेकअप, सेल्फ स्किन केयर एवं ड्रेसिंग टिप्स की ली जानकारी
ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित वर्द्धमान इंस्टीट्यूट ऑफ़ फैशन डिजाइनिंग एंड मेकअप आर्टिस्ट में अशोक नगर स्कूल की लगभग 70 छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने फैशन डिजाइनिंग एवं मेकअप आर्टिस्ट से जुड़े विभिन्न कोर्सेज की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ ब्यूटी एवं पर्सनल ग्रूमिंग के व्यावहारिक पहलुओं को भी समझा।
संस्थान के विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को मेकअप एवं फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों, विभिन्न कोर्सेज और उनमें सीखने वाली तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं ने विशेष रूप से सेल्फ स्किन केयर, दैनिक जीवन में त्वचा की देखभाल के सही तरीकों तथा अपनी त्वचा के अनुरूप जरूरी सावधानियों के बारे में सीखा।
इसके साथ ही छात्राओं को ड्रेसिंग टिप्स, कलर कॉम्बिनेशन, पर्सनल स्टाइलिंग और बेहतर प्रेजेंटेशन से जुड़ी उपयोगी जानकारी भी दी गई। छात्राओं ने पूरे सत्र में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विशेषज्ञों से विभिन्न प्रश्न पूछे और फैशन एवं ब्यूटी इंडस्ट्री में करियर की संभावनाओं को समझा।
इस अवसर पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि आज के समय में शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को उनकी रुचि, प्रतिभा और भविष्य के करियर से जुड़े व्यावहारिक कौशल से परिचित कराना भी उतना ही आवश्यक है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं को नई संभावनाओं को समझने और आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का चुनाव करने का अवसर प्रदान करते हैं।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं प्रशिक्षण सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। यह भ्रमण छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और कौशल आधारित अनुभव रहा।