मृदुराज प्रतिभा सम्मान समारोह में गूंजा ‘विकसित बिहार’ का संकल्प

शिक्षा-रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर हुई परिचर्चा

मंत्री दिलीप जायसवाल के हाथों सम्मानित हुए समाज के प्रति महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोग
पटना। मृदुराज प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 सह-परिचर्चा का आयोजन ‘विकास के पथ पर बढ़ता बिहार’ विषय पर किया गया। कार्यक्रम में भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के राजस्व विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल, विधायक श्याम रजक और संजय चौरसिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जितेंद्र नीरज ने की, जबकि मंच संचालन राजीव रंजन ने किया।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए कई लोगों को सम्मानित किया गया। चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में पद्मश्री डॉ. शांति राय, मृदुराज जनसेवा सम्मान (राजनीति) से शिशिर कुमार, शिक्षा सम्मान से सचिंद्र कुमार, समाज सेवा के लिए प्रवीण कुमार तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कुमारी जूही सिन्हा सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजस्व विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, “बिहार के विकास के लिए केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचना भी जरूरी है। शिक्षा, रोजगार और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देकर हम बिहार को विकास के पथ पर और तेजी से आगे ले जा सकते हैं।”
भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, “बिहार आज विकास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, रोजगार, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास के क्षेत्र में सामूहिक प्रयासों से राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने में समाज की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है।”
फाउंडेशन के अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह आयोजन संस्था की प्रेरणास्रोत स्व. मृदुला सिन्हा और स्व. राज किशोर प्रसाद की पुण्यतिथि, 7 अक्टूबर, के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन समाज के प्रति अपने दायित्वों को याद करने और नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का अवसर है। उन्होंने सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने और युवाओं को रचनात्मक कार्यों से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के परिचर्चा सत्र में बिहार के विकास की संभावनाओं और चुनौतियों पर सार्थक चर्चा हुई। शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार, समाज और युवाओं को मिलकर काम करना होगा। विकास की प्रक्रिया को गांवों तक पहुंचाने और युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार करने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम का समापन समाज के प्रति समर्पण और बिहार के विकास के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!