दीपावली पर जगमग रहेगा अजमेर, निगम और एडीए करें तैयारी- श्री देवनानी
विधानसभा अध्यक्ष ने ली बैठक
नगर निगम और एडीए को दिए निर्देश
कई स्थानों पर लगेंगी हाईमास्ट व मिनी हाईमास्ट लाइटें
हैरीटेज लाइटों का काम 15 दिन में पूरा होगा
वार्डों में लगेंगी 3 हजार लाईटें
अजमेर, 7 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने नगर निगम व अजमेर विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि दीपावली से पूर्व अजमेर उत्तर क्षेत्र में सभी सड़कों और चौराहों पर रोशनी के पर्याप्त इंतजाम हों। विभिन्न चौराहों पर हाईमास्ट व मिनी हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएं। वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगाएं। हैरीटेज पोल व लाइट्स का काम पंद्रह दिन में पूरा कर लिया जाएं।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सर्किट हाउस में बैठक लेकर अजमेर उत्तर क्षेत्र की रोड लाइट व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यकता वाले प्रमुख चौराहों पर हाईमास्ट एवं मिनी हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएं। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में आवश्यकता के अनुसार करीब 3 हजार नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की कार्यवाही की जाएं।
उन्होेंने अजमेर नगर निगम को निर्देश दिए कि दीपावली से पहले लोहाखान टैम्पो स्टैण्ड, इंडिया मोटर्स सर्किल, शनि मंदिर वैशाली नगर, लवकुश गार्डन, पसंद नगर कोटड़ा, शिव मंदिर रेम्बल रोड़, ऊसरी गेट, ठठेरा चौक, पंचोली चौराहा व अन्य क्षेत्रों में हाईमास्ट व मिनी हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि ऋषि उद्यान से अद्वैत आश्रम तक निगम द्वारा हैरीटेज लाइट व डेकोरेटिव पोल लगाए जाएं। इसी तरह सर्किट हाउस व जयपुर रोड़ पर भी नगर निगम लाईटे लगवाई जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेरिटेज लाइटिंग का शेष कार्य आगामी 15 दिनों में पूरा कर लिया जाए।
बैठक में उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिए कि एलीवेटेड रोड के नीचे त्यौहार पर आकर्षक लाइटिंग की जाए। शहर के 80 वार्डों में निगम द्वारा 3 हजार से अधिक लाईटें लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ रात्रिकालीन यातायात एवं सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक प्रकाश व्यवस्था आवश्यक है।
विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि पुष्कर रोड़ पर डेकोरेटिव पोल व हाईमास्ट लाईट का काम भी दीपावली से पहने पूर्ण हो। इसी तरह योजना क्षेत्रों में सभी लाइटों की जांच हो एवं बंद लाईटों को चालू कराया जाए। एडीए क्षेत्र की हाइमास्ट लाईटें व मिनी हाईमास्ट लाईटें चालू रखी जाएं।
उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले सभी आवश्यक प्रकाश व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर किया जाए। खराब एवं बंद स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के साथ जरूरत वाले स्थानों पर नई लाइटें लगाई जाएं। उन्होंने निगम एवं एडीए अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।