राष्ट्रीय अंतरिक्ष सप्ताह पर एमडीएस विश्वविद्यालय में पोस्टर एवं मॉडल प्रदर्शनी आयोजित

अजमेर, 9 अक्टूबर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के रिमोट सेंसिंग एवं जियोइन्फॉर्मेटिक्स विभाग द्वारा राष्ट्रीय अंतरिक्ष सप्ताह के अवसर पर पोस्टर एवं मॉडल प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने 6 मॉडल और 8 पोस्टरों के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक एवं तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनी में इसरो के रॉकेट विकास, सक्रिय एवं निष्क्रिय सेंसरों की कार्यप्रणाली तथा भौगोलिक क्षेत्रों की स्थानिक पहचान पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए गए। वहीं, शोधपरक पोस्टरों में पिथौरागढ़ में भूस्खलन संवेदनशीलता विश्लेषण, जोधपुर में भूमि सतह तापमान तथा उदयपुर में वनाग्नि संबंधी अध्ययन प्रदर्शित किए गए। इन प्रस्तुतियों में प्राकृतिक आपदा प्रबंधन, पर्यावरणीय निगरानी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भू-स्थानिक तकनीकों की उपयोगिता दर्शाई गई।

विभागाध्यक्ष प्रो. सुब्रतो दत्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और शोध के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में डॉ. विवेक शर्मा, मैना ठोलिया, डॉ. सोनिया देवल, डॉ. रौनक चौधरी एवं महेंद्र धवन उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनकी वैज्ञानिक प्रासंगिकता एवं व्यावहारिक उपयोगिता की सराहना की।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!