महाराजा अग्रसेन की शिक्षाओं को आत्मसात करें, समाज का राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान-देवनानी

अजमेर, 11 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उनके विचारों पर चलकर हम समाज को अपना सर्वोत्तम योगदान दे सकते हैं। अग्रवाल समाज का राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान है। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने समाज के उत्थान और समरसता के प्रतीक महाराजा अग्रसेन के जीवन एवं उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की बात कही।

विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के बताए मार्ग पर चलकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को परस्पर सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके जीवन मूल्य आज के समाज में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और हमें उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की सहायता करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में भी महाराजा अग्रसेन के बताए मार्ग सहयोग, उद्यम, प्रेम और परोपकार की प्रासंगिकता उतनी ही बनी हुई है। हमें उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर समाज के उत्थान और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

श्री देवनानी ने अग्रवाल समाज की प्रचुर व्यावसायिक परंपरा, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और परोपकारी स्वभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के व्यापारियों और प्रबुद्धजनों ने देश की आर्थिक रीढ़ को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने प्राचीन सांस्कृतिक मूल्यों और संस्कारों से जुड़े रहते हुए आधुनिकता को अपनाएं और समाज तथा राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अग्रवाल समाज के समस्त बंधुओं को अग्रसेन जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और समाज द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं परोपकारी कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय बंधु उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!