विधायक कोष से 11.80 लाख रुपये की राशि स्वीकृत
अजमेर, एक नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 स्थित लोंगिया में सामुदायिक भवन की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारम्भ किया। इस कार्य के लिए श्री देवनानी द्वारा विधायक कोष से 11.80 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
इस अवसर पर श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि कि क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। सामुदायिक भवन स्थानीय निवासियों के सामाजिक एवं सामूहिक आयोजनों का महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। इस सामुदायिक भवन के निर्माण से क्षेत्र के गरीब व मध्यम वर्ग के परिवारों को विवाह, सामाजिक समारोह एवं अन्य सामूहिक आयोजनों के लिए एक सुरक्षित व सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, रोशनी, जल निकासी, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास निरंतर जारी हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नव अजमेर के निर्माण की दिशा में अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। अजमेर प्रवेश मार्ग पर 8 करोड़ रुपए से अधिक लागत से सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं। इससे शहर में प्रवेश करते ही आगंतुकों को सुखद अनुभव प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और आधारभूत ढांचे पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि पंचशील में अत्याधुनिक साइंस पार्क विकसित किया जा रहा है। विद्यार्थियों व बेटियों के लिए निःशुल्क व आधुनिक सुविधाओं से युक्त चार मंजिला लाइब्रेरी का निर्माण जारी है।
उन्होंने कहा कि हाथीखेड़ा में बच्चियों के लिए 20 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक स्कूल तथा युवाओं के रोजगार हेतु आईटी पार्क स्थापित किया जा रहा है, जिसमें 3 प्रमुख कंपनियों को प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। माकड़वाली रोड पर हजारों दर्शकों की क्षमता वाला खेल स्टेडियम भी आकार ले रहा है।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, वार्ड पार्षद सुश्री सुफिया कुरैशी सहित जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।