उर्स के दौरान विशेष रेलगाड़ियों के संचालन व यात्री व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक संपन्न

इस वर्ष सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती का 815वां वार्षिक उर्स मेला अजमेर में दिनांक 05 दिसम्बर 2026 से 20 दिसम्बर 2026 तक आयोजित होगा। मेले के दौरान विशेष रेलगाड़ियों के संचालन, उनके रखरखाव, समय-सारणी एवं अन्य यात्री सुविधाओं व व्यवस्थाओं के संबंध में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अजमेर के बोर्ड रूम (सभा कक्ष) में मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में दिनांक 05.11.2026 (गुरुवार) को बैठक संपन्न हुई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव ने बताया की बैठक में उर्स मेले के दौरान गाड़ियों के संचालन और जायरीन की व्यवस्थाओं से संबंधित प्रस्तावों एवं सुझावों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में रेल प्रशासन की ओर से वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती भारती भारद्वाज, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव, मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री योगेन्द्र सिंह, मंडल परिचालन प्रबंधक श्री विपिन यादव, सहायक परिचालन प्रबंधक श्री अमर कुमार झा व श्री जितेन्द्र सिंह यादव, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री राजकुमार स्वर्णकार, सीडीओ (मदार) श्री लव धाकड़, स्टेशन प्रबंधक श्री रवीश कुमार सहित अन्य रेल अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में दरगाह कमेटी, दरगाह ख्वाजा साहब के नाज़िम एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मोहम्मद बिलाल खान द्वारा प्रेषित मांग-पत्र व सुझावों के साथ-साथ उपस्थित दरगाह प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने कहा कि रेलवे द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 815वें उर्स के दौरान जायरीन की सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा हेतु विशेष प्रबंध किए जाएंगे। उर्स मेले के दौरान विगत वर्षों की भांति विशेष यात्री गाड़ियों का संचालन किया जाएगा तथा नियमित गाड़ियों में अतिरिक्त डिब्बे भी लगाए जाएंगे। दरगाह कमेटी के उपस्थित सदस्यों से अनुरोध किया गया कि वे भी व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन एवं स्वयंसेवकों की उपलब्धता में रेलवे को यथासंभव सहयोग प्रदान करें। जायरीन को यात्रा हेतु आसानी से टिकट उपलब्ध हो सके, इसके लिए अजमेर व मदार स्टेशन सहित कायड़ विश्रामस्थली और गरीब नवाज़ अतिथि गृह स्थित बुकिंग सेंटर पर अतिरिक्त टिकट व आरक्षण काउंटर तथा पूछताछ व हेल्प डेस्क खोले जाने पर चर्चा हुई।
बैठक में उर्स अवधि के दौरान भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, निगरानी, बुजुर्ग एवं दिव्यांग जायरीन हेतु व्हीलचेयर, प्लेटफॉर्मों पर पर्याप्त कुलियों की उपलब्धता, अतिरिक्त क्लॉक रूम की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त पेयजल, प्री-पेड परिवहन बूथ और मदार रेलवे स्टेशन पर विशेष रेलगाड़ियों के ठहराव व सुगम आवागमन की उचित व्यवस्था पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही देश के विभिन्न प्रमुख राज्यों व शहरों—विशेष रूप से चेन्नई, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, गुजरात (अहमदाबाद), पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से अधिक उर्स स्पेशल गाड़ियों के संचालन एवं उनके समयबद्ध प्रचार-प्रसार पर चर्चा की गई।
वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती भारती भारद्वाज द्वारा बैठक में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया एवं आश्वासन दिया गया कि रेलवे की ओर से जायरीन की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा तथा उर्स मेले के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!