राजनीतिक सेंधमारी को चमत्कारिक सफलता बताना कितना उचित?

हाल ही पंचायत राज के चुनाव संपन्न हुए। बहुत अफसोसनाक बात है कि दोनों पार्टियां व नेतागण सेंधमारी करके चुनाव जीत रहे हैं तो उसकी उनको क्रेडिट दी जा रही है कि उन्होंने चमत्कारिक सफलता हासिल की है। यहां तक कि उनका महिमामंडन भी किया जा रहा है कि अमुक नेता ने अपने रणनीतिक कौषल से पासा बदल दिया। स्वस्थ लोकतंत्र के लिए इस प्रकार दलबदल करवाने की तारीफ करना कितना उचित है? होना तो यह चाहिए कि उनकी मलामत की जाए कि उन्होंने इस प्रकार लोकतंत्र को कलंकित किया है। दरअसल, आज राजनीति में सफलता का पैमाना कई बार बदलता दिखाई देता है। चुनाव जीतना ही पर्याप्त नहीं माना जाता, बल्कि विरोधी खेमे के निर्वाचित सदस्यों को अपने पाले में लाकर बहुमत हासिल करना भी राजनीतिक कौशल और चमत्कारिक उपलब्धि के रूप में प्रचारित किया जाता है। यहां एक बुनियादी सवाल उठता है कि क्या चुनाव में जनता का समर्थन हासिल करना और चुनाव के बाद निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अपने पाले में करना एक ही तरह की राजनीतिक सफलता है? वस्तुतः जनता के बीच जाकर समर्थन हासिल करना लोकतांत्रिक प्रतिस्पर्धा है। चुनाव के बाद विचारधारा, नीतियों या सार्वजनिक हित के आधार पर किसी दल में शामिल होना राजनीतिक स्वतंत्रता का हिस्सा हो सकता है। लेकिन यदि सत्ता, पद, प्रलोभन या दबाव के जरिए निर्वाचित सदस्यों की निष्ठा बदली जाती है, तो उससे जनादेश और राजनीतिक नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। यह भी ध्यान रखना होगा कि हर दल-बदल को एक ही नजर से नहीं देखा जा सकता। उसके पीछे की परिस्थितियां और प्रमाण महत्वपूर्ण हैं।
राजस्थान के हालिया पंचायत चुनावों के बाद जिला प्रमुख और प्रधान के चुनावों में भी राजनीतिक जोड़-तोड़ और क्रॉस वोटिंग की खबरें सामने आई हैं। कुछ स्थानों पर जिस दल के पास स्पष्ट बहुमत नहीं था, उसने भी पद हासिल किए। ऐसे घटनाक्रम में एक महत्वपूर्ण अंतर समझना जरूरी है। यदि कोई निर्वाचित सदस्य अपनी स्वतंत्र राजनीतिक समझ से मतदान करता है, तो उसे अपने आप अनैतिक नहीं कहा जा सकता। लेकिन यदि मत बदलवाने के लिए प्रलोभन, दबाव अथवा पद का लालच दिया गया है, तो यह गंभीर नैतिक और कानूनी जांच का विषय है। सवाल यह भी है कि राजनीतिक दल अपने विरोधियों के सदस्यों को अपने पाले में लाने पर अपनी रणनीतिक सफलता का ढोल पीटते हैं, लेकिन यही काम दूसरा दल करे तो उसे लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ बताते हैं। यह दोहरा मापदंड राजनीतिक नैतिकता पर सवाल खड़ा करता है।
इस विषय का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक विरोधाभास यह है कि जब कोई दल दूसरे दल के निर्वाचित सदस्यों को अपने साथ जोड़कर सत्ता हासिल करता है, तो उसे अपनी रणनीति की सफलता बताता है। लेकिन जब यही काम दूसरा दल करता है, तो वही राजनीतिक दल उसे अनैतिक और अलोकतांत्रिक करार देता है। लोकतंत्र में नैतिकता का कोई अलग-अलग पैमाना नहीं हो सकता। जो आचरण अपने लिए उचित है, वही दूसरे के लिए भी उचित होना चाहिए। और जो दूसरे के लिए अनुचित है, वह अपने लिए भी अनुचित माना जाना चाहिए।
इस पूरे प्रसंग में मीडिया की भूमिका भी विचारणीय है। मीडिया को केवल यह बताने तक सीमित नहीं रहना चाहिए कि किसने कितनी सीटें या कितने पद हासिल किए। उसे यह भी पड़ताल करनी चाहिए कि बहुमत कैसे बनाया गया, क्रॉस वोटिंग किन परिस्थितियों में हुई और क्या कहीं किसी प्रकार का प्रलोभन या दबाव था।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!