श्रीनगर [जाब्यू]। उत्तरी कश्मीर के सोपोर में वाहन चालकों से जबरन उगाही करने वाले चार पत्थरबाजों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ धारा 382, 336, 341 आरपीसी के विभिन्न मामले दर्ज कर छानबीन की जा रही है। पकडे़ गए पत्थरबाजों के अन्य साथियों की धरपकड़ के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
यहां मिली जानकारी के अनुसार, लोगों से जबरन वसूली करने वाले चार पत्थरबाज गत गुरुवार की देर रात गए पकडे़ गए हैं। सोपोर के कुछ लोगों ने पुलिस को सूचित किया था कि अंधेरा होने के साथ जैसे ही पुलिस और अर्धसैनिकबलों के जवान वापस अपने शीविरों में लौटे, पत्थरबाजों का एक गुट छनखान पुल के पास सड़क पर दोबारा जमा हो गया इन लोगों ने वहां से गुजर रहे वाहनों को निशाना बनाया और जब वाहन चालकों ने उनसे ऐसा न करने को कहा तो वह उनसे जबरन धन उगाही करने लगे।
यह पत्थरबाज वाहन के माडल के अनुरुप वहां से गुजरने वाले चालकों से एंट्री फीस ले रहे थे और जो वाहन चालक यह फीस नहीं देता था,उसका वाहन पथराव का निशाना बन रहा था। इन लोगों ने वाहनों केा सुरक्षित रास्ता देने के लिए 100 से 500 रुपये प्रति वाहन फीस तय कर रखी थी। लोगों द्वारा जानकारी मिलते ही पुलिस ने छनखान पुल पर दस्तक दी। पुलिस को देखते ही पत्थरबाजों ने पथराव शुरु कर दिया और वहां से भागने लगे। लेकिन पुलिसकर्मियों ने दो पत्थरबाजों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो अन्य को उनके ठिकानों से पकड़ा गया। पकडे़ गए पत्थरबाजों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।