अजमेर। अजमेर विद्युत वितरण निगम मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों/कर्मचारियों के सेवानिवृति के अवसर पर निगम मुख्यालय परिसर में उनकी सेवानिवृति पर आयोजित होने वाले विदाई कार्यक्रम के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए गए है। जिनकी निगम मुख्यालय का सामान्य प्रषासन विभाग (जी.ए.डी.) सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करेगा।
निगम के सचिव (प्रशासन) जे.आर. चौधरी ने एक आदेश जारी कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। आदेश के तहत विदाई कार्यक्रम/आयोजन अत्यन्त सादगी से मनाया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं सेवानिवृत होने वाले अधिकारी/कर्मचारी सेवानिवृति विदाई समारोह में अपने साथ लाये हुए बैण्ड-बाजे आदि निगम मुख्यालय परिसर के बाहर ही रखेगें। किसी प्रकार की गुलाल आदि का निगम परिसर में उपयोग नही करेगें। सेवानिवृत होने वाले अधिकारी/कर्मचारी निगम कार्यालय में आयोजित उनके सेवानिवृति विदाई समारोह में 10 परिजनों से अधिक को नहीं बुलायेगें। इस कार्यक्रम में अपने साथ आने वाले 10 परिजनों की सूची सेवानिवृति दिनांक से कम से कम एक दिन पूर्व सचिव (प्रशासन) अजमेर विद्युत वितरण निगम लि. अजमेर को प्रस्तुत करनी होगीं। इस तरह के आयोजन निगम मुख्यालय पर उन निगम कर्मचारियों के लिए ही किये जा सकेगें जो निगम मुख्यालय (कॉरपोरेट ऑफिस) से सेवानिवृत होगें ।