नई दिल्ली। वसंत विहार गैंगरेप मामले के आरोपी मुकेश ने दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर उसे तिहाड़ जेल में सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग की है। मुकेश का कहना है कि उसके साथ जेल में कई बार मारपीट हो चुकी है और उसे अन्य कैदियों द्वारा धमकियां भी मिल रही हैं।
इसके अतिरिक्त मुकेश ने तिहाड़ जेल में उस पर व अन्य आरोपियों पर हो रहे हमलों के संबंध में जांच कमेटी गठित किए जाने की मांग की है और उच्च न्यायालय में उसकी याचिकाओं पर जल्द से जल्द सुनवाई किए जाने की मांग की है। उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति मुक्ता गुप्ता ने दोनों ही याचिकाओं पर सुनवाई के लिए 17 अप्रैल की तारीख तय की है।
वसंत विहार गैंगरेप मामले के आरोपी मुकेश ने अपने अधिवक्ता एमएल शर्मा के माध्यम से दायर याचिका में कहा है कि जेल में उस पर कई हमले हो चुके हैं। उसके भाई की जेल में मौत हो गई थी।
इसके अतिरिक्त मामले में अन्य आरोपी विनय पर भी कुछ दिनों पहले कैदियों ने हमला कर उसका हाथ तोड़ दिया। लिहाजा,उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए। इसके साथ ही उच्च न्यायालय में उसके द्वारा दायर की गई याचिका पर न केवल जल्द सुनवाई की जाए,बल्कि निचली अदालत की तरह याचिका पर प्रतिदिन सुनवाई करते हुए उसका जल्द से जल्द निपटारा कर दिया जाए।
मुकेश ने एक अन्य याचिका में अदालत से यह भी अपील की है कि वसंत विहार गैंगरेप मामले में आरोपियों पर हो रहे हमलों और मामले में केस को कमजोर करने के लिए बार-बार आरोपियों के वकील बदल जाने के मामले की जांच एक विशेष कमेटी द्वारा कराई जाए।