डेरापुर। दूल्हे के सिर्फ कक्षा आठ तक पढ़े होने व दांत खराब होने की जानकारी पाकर जयमाल होने के बावजूद दुल्हन ने मंडप के नीचे फेरे लेने से इंकार कर दिया। काफी मान मनौव्वल के बाद भी जब लड़की जिद पर अड़ी रही तो सुबह दोनों पक्षों में समझौते के बाद बरात बैरंग लौट गई। थाना क्षेत्र के सनिहांपुर ब्राहमणान गांव निवासी रामऔतार ने पुत्री शकुंतला की शादी गोपालपुर कहिंजरी रसूलाबाद निवासी जगदीश नारायण के पुत्र विपिन कुमार के साथ तय की थी। उन्हें लड़के के निजी विद्यालय में शिक्षक होने की जानकारी दी गयी थी। शनिवार शाम बरात गांव पहुंची। द्वारचार के बाद धूमधाम से जयमाल व अन्य रस्में पूरी हुईं।
रात में भांवरों के लिए दुल्हन जब मंडप के नीचे बैठी थी, तो उसे दूल्हे के बर्ताव से कुछ शंका हुई। दुल्हन ने फेरे लेने से मना कर दिया। दुल्हन की बहनों ने लड़के को अलग ले जाकर बात की तो उसके सिर्फ कक्षा आठ तक पढ़े होने व दांत खराब होने की बात सामने आई। इस पर लड़की ने शादी करने से इंकार कर दिया। परिजनों व वर पक्ष ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई नतीजा न निकलने पर सुबह ग्राम प्रधान सोनेलाल ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। इसके बाद बिना दुल्हन बरात वापस लौट गई। थानाध्यक्ष नफीस सिद्दीकी ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।