नई दिल्ली। अगर आज आप दिल्ली की सड़कों पर निकलने का सोच रहे हैं तो जरा संभल कर बाहर निकलएगा। सोमवार को दिल्ली के चार महत्वपूर्ण मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। जिसकी वजह से दिल्ली की सड़कों पर आपको भंयकर जाम मिल सकता है। इसलिए ट्राफिक व्यवस्था को भी सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। ये सब चीन के प्रधानमंत्री ली कछयांग के दिल्ली दौरे के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर किया जा रहा है। उनकी यात्रा के दौरान तिब्बत समर्थकों के विरोध प्रदर्शन की आशंका जताई जा रही है, इस कारण पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम को सोमवार सुबह आठ से 10 बजे तक चार मेट्रो स्टेशन बंद रखने का निर्देश दिया है। बंद किए जाने वाले मेट्रो स्टेशन केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, रेस कोर्स व खान मार्केट हैं।
यहां से मेट्रो का परिचालन तो होगा मगर इस दौरान स्टेशनों पर कोई भी मेट्रो नहीं रुकेगी। वहीं केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर सिर्फ लाइन इंटरचेंज करने के लिए मेट्रो रुकेगी। उक्त अवधि केदौरान चीन के प्रधानमंत्री, भारत के प्रधानमंत्री समेत अन्य मंत्रियों से नई दिल्ली इलाके में मुलाकात करेंगे।
इस दौरान कहीं किसी तरह का कोई प्रदर्शन का सामना नहीं करना पड़े, इस कारण दिल्ली पुलिस ने चार मेट्रो स्टेशन बंद रखने का निर्देश दिया। उधर, रविवार को भी एहतियात के तौर पर नई दिल्ली इलाके में स्थित सभी मेट्रो स्टेशन की सुरक्षा बढ़ा दी गई। साथ ही शाम सात बजे से नौ बजे के बीच रेसकोर्स मेट्रो स्टेशन बंद रखा गया।