जयपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय चुनाव अभियान समिति के प्रमुख और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राजस्थान की जनता बदलाव के लिए तैयार है। आने वाले विधानसभा चुनाव में राजस्थान रंग लायेगा और यहां वसुन्धरा राजे मुख्यमंत्री बनेगी। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि देश और प्रदेश के भविष्य के लिए भाजपा का साथ दें और विकास की पर्याय भाजपा की वसुन्धरा सरकार राजस्थान में लाये। सुराज संकल्प सम्मेलन में लाखों की तादाद में आये युवाओं ने मोदी को हाथ उठाकर कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का विश्वास भी दिलाया।
वसुन्धरा जी को प्रणाम करता हूं
मोदी ने अपने धारा प्रवाह और प्रभावी उद्बोधन में कहा कि राजस्थान में हवा का रुख साफ है। राजस्थान की धरती पर परिवर्तन की आंधी उन्हें साफ दिखाई दे रही है। वे भी राजस्थान में बहन वसुन्धरा राजे की तपस्या के बीच पुण्य कमाने आये हैं। वसुन्धरा राजे ने 14 हजार किलोमीटर लम्बी यात्रा 78 दिनों में पूरी कर जनता का दुख दर्द बांटा है। मोदी ने कहा कि उन्होंने भी यात्राएं की है, लेकिन इतनी बड़ी और लम्बी नहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि वसुन्धरा बहन के इस पुण्य के लिए मैं उन्हें प्रणाम करता हूं। जिन्हें इस यात्रा का पुण्य जरूर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि वे गुजरात में जिस भी राजस्थानी से बात करते हैं। वह कहता है हम राजस्थान जायेंगे, क्योंकि वहां बहन वसुन्धरा की सरकार बनानी है। कोई कहता है हमें वसुन्धरा जी की यात्रा में जाना है। वे बोले कि उन्हें ऐसा जवाब किसी नेता के लिए नहीं मिला। वसुन्धरा जी यात्रा राजस्थान में निकाल रही थी और उसकी धूम गुजरात में हम सुन रहे थे।
रुपये का महत्व मारवाड़ी और गुजराती ही जानते हैं
मोदी ने कहा कि रुपये की ताकत मारवाड़ी और गुजराती ही जानते हैं। आज रुपया बीमार है और अस्पताल मंे है। क्योंकि केन्द्र की सरकार की नीयत में खोट है। कांग्रेस के पास नेता, नैतिकता, नीति और नियत का नितान्त अभाव है। ऐसी पार्टी को जड़ से उखाड़ फेंकना राजस्थान और देश के विकास के लिये जरूरी है।
ए फोर आदर्श, बी फोर बोफोर्स
सी फोर कोलगेट और डी फोर दामाद
मोदी ने कांग्रेस सरकार में बढ़ रहे भ्रष्टाचार को परिभाषित करते हुए कहा कि भविष्य में बच्चों को शिक्षित करने के लिये नई तरीके की किताबें पढ़ाई जायेगी, जिनमें अंग्रेजी वर्णमाला के अक्षरों को इस रूप में सिखाया जायेगा। ए फोर आदर्श घोटाला, बी फोर बोफोर्स घोटाला, सी फोर कोलगेट और कॉमनवैल्थ घोटाला तथा डी फोर डिफेन्स व दामाद घोटाला पढ़ाया जायेगा। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस के लिए वोटर और भाजपा के लिए पावर है। मोदी ने संविधान द्वारा प्रदŸा मतदान की शक्ति का उचित उपयोग करने का सबसे खासकर युवाओं से निवेदन किया।
दिया कुमारी भाजपा में शामिल
सुराज संकल्प सम्मेलन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने जयपुर राज परिवार की दिया कुमारी और खेल जगत में प्रसिद्ध राजवर्द्धन सिंह को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। दोनों का भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने माला पहनाकर भाजपा परिवार में शामिल होने पर स्वागत किया।
ये थे मौजूद- नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतपाल मलिक, किरण माहेश्वरी, राजस्थान के प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी, सह प्रभारी श्योदान सिंह, राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री वी. सतीश, राष्ट्रीय प्रवक्ता निर्मला सीतारमण, राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव, पूर्व सांसद किरीट सौमेया, सांसद दुष्यन्त सिंह, विधानसभा सचेतक राजेन्द्र राठौड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, डॉ दिगम्बर सिंह, कालीचरण सराफ, सुभाष महरिया, औंकार सिंह लखावत, महामंत्री रामचरण बोहरा, सतीश पूनियां, सभी मोर्चों के अध्यक्ष एवं सभी प्रकोष्ठों के संयोजक तथा सैकड़ों कार्यकओं ने भाग लेकर इस सम्मेलन को सफल बनाया।