आनासागर झील के पानी की गुणवत्ता में होगा सुधार

रामप्रसाद घाट की भी होगी काया पलट
सागर विहार कॉलोनी में अतिरिक्त पानी की समस्या से मिलेगी निजात
Aanasagar 19अजमेर। राष्ट्रीय झील संरक्षण योजना के तहत आनासागर झील व पुष्कर सरोवर में पानी की गुणवत्ता मेें सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए बॉयोरेमिडेशन पद्घति पर अमल किया जा रहा है। योजना के तहत रामप्रसाद घाट के जीर्णोद्घार तथा सागर विहार कॉलोनी में अतिरिक्त पानी की समस्या से निजात के लिए भी कार्य करवाए जाएंगे।
जिला कलक्टर श्री वैभव गालरिया ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट राष्ट्रीय झील संरक्षण योजना की प्रगति की समीक्षा की । बैठक में विधायक श्री वासुदेव देवनानी ने रामप्रसाद घाट की स्थिति सुधार तथा सागर विहार कॉलोनी में अतिरिक्त पानी की समस्या का मुद्दा उठाया। श्री देवनानी ने बताया कि रामप्रसाद घाट की हालत सुधारे जाने की आवश्यकता है। साथ ही यहां सुरक्षा के लिए भी अतिरिक्त इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने कहा कि सागर विहार सहित झील के किनारे बसी कॉलोनियों में बरसात व अन्य दिनों में अतिरिक्त पानी भर जाने की विकट समस्या है। इसमें सुधार की आवश्यकता है।
जिला कलक्टर श्री गालरिया ने अजमेर विकास प्राधिकरण की सचिव श्रीमती विनीता श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि आगामी लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले यह काम पूरा कर लिया जाए। रामप्रसाद घाट को री डिजाइन कर व्यवस्थाओं में सुधार किए जाए।
बैठक में एक कंसलटेंसी फर्म ने आनासागर झील तथा पुष्कर सरोवर के पानी की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रजेंटेशन दिया। जिला कलक्टर ने इसमें पूरी रूचि दिखाते हुए कहा कि प्रशासन पानी की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रतिबद्घ है। आगामी दिनों में बॉयोरेमिडेशन तकनीक से यह कार्य पूरा किया जाएगा। बैठक में आनासागर व पुष्कर में योजना के तहत करवाए गए कार्यों की भी समीक्षा की गई।

1 thought on “आनासागर झील के पानी की गुणवत्ता में होगा सुधार”

  1. सुखद समाचार …अच्छा लगा यह जानकर कि झीलों में पानी की गुणवत्ता सुधारने के लिए कदम उठाए जाएंगे.

    – केशव राम सिंघल

Comments are closed.

error: Content is protected !!