अजमेर। आगामी 9 मार्च को अजमेर जिले के सभी 1812 मतदान केन्द्रों पर संबंधित बीएलओ अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूचियों के साथ उपलब्ध रहेंगे और उनका प्रदर्शन करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री भवानी सिंह देथा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अजमेर जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्र के इन 1812 मतदान केन्द्रों पर नए मतदाताओं के नाम जोडऩे के लिए बीएलओ फार्म 6 भरवाएंगे और इन्हें संबंधित सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को उपलब्ध कराएंगे जिससे नाम जोडऩे की कार्यवाही की जा सके।
श्री देथा ने बताया कि जिले के सभी बीएलओ को कल 8 मार्च को संबंधित सहायक रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा जिससे वे 9 मार्च को अपने मतदान केन्द्र पर प्रात: 9 बजे से सांयकाल 6 बजे तक उपस्थित रहकर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्य कर सके। उन्होंने यह भी बताया कि अनेक पंजीकृत ऐसे मतदाता जिनके पास मतदाता फोटो पहचान पत्र उपलब्ध है, फिर भी उनका नाम मतदाता सूची में नहीं होने के कारण वे अपने मताधिकार का उपयोग नहीं कर पाए। ऐसे मामलों की जांच भी बीएलओ द्वारा की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीएलओ 9 मार्च को निर्धारित कार्य सम्पादित करने के बाद अगले दिन प्राप्त हुए आवेदन पत्रों की सूची संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को जमा कराएंगे ताकि उस पर अविलम्ब कार्यवाही की जा सके। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों तथा नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे 9 मार्च को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दे।
उल्लेखनीय है कि अजमेर जिले के 1812 मतदान केन्द्र से विधानसभा क्षेत्र किशनगढ़ में 248, नसीराबाद में 210, पुष्कर में 217, अजमेर उत्तर में 183, अजमेर दक्षिण में 186, ब्यावर में 265, मसूदा में 255 तथा केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में 248 मतदान केन्द्र है।