
अजमेर। उप राष्ट्रपति श्री एम. हामिद अंसारी को अजमेर यात्रा के दूसरे दिन आज सुबह 9.05 बजे अजमेर के घूघरा हैलीपेड से वायुसेना के हैलीकाप्टर द्वारा वनस्थली विश्वविद्यालय टोंक के लिए प्रस्थान कर गए। हैलीपेड पर उनका अभिनन्दन कर विदाई दी गई। श्री अंसारी को जलसंसाधन मंत्री श्री सांवरलाल जाट ने बुके प्रदान कर अभिनन्दन कर विदाई दी। महापौर श्री कमल बाकोलिया ने भी उनको बुकेे भेंट कर अजमेर यात्रा के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस मौके पर जिला कलक्टर श्री भवानी सिंह देथा, पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र चौधरी, जिला रसद अधिकारी श्री सुरेश सिन्धी ने भी उपराष्ट्रपति श्री अंसारी का अभिवादन कर विदाई दी। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री गजेन्द्र सिंह राठौड, श्री हरफूल सिंह यादव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी नगर निगम श्री सी. आर. मीणा समेत कई अधिकारी भी मौजूद थे।
आपका शहर बहुत अच्छा लगा
उपराष्ट्रपति श्री एम. हामिद अंसारी ने आज अपनी अजमेर यात्रा के समापन के मौके पर घूघरा हैलीपेड पर जलसंसाधन मंत्री प्रो. सांवललाल जाट से बडी आत्मीयता से हाथ मिलाते हुए कहा कि आपका शहर बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में अकीदत कर सुकून मिला, उस अहसास को शब्दों में बयां नही किया जा सकता है। वहीं सांय मेयो कॉलेज में विद्यार्थियों ने मिलकर आनन्द की अनुभूति हुई, उन्होंने आतिथ्य सत्कार व आत्मीय व्यवहार की भी प्रशंसा की।
उपराष्ट्रपति श्री अंसारी गुरूवार को दोपहर अजमेर की दो दिवसीय यात्रा के लिए अजमेर आए थे। घूघरा हैलीपेड पर उनका स्वागत व अभिनन्दन जलसंसाधन मंत्री प्रो. सांवरलाल जाट व महापौर कमल बाकोलिया ने किया था। इस अवसर पर जिला प्रशासन के कई अधिकारियों ने भी उनका अभिनन्दन किया था। उपराष्ट्रपति गुरूवार दोपहर 3.20 बजे जब सर्किट हाउस से दरगाह जियारत के लिए रवाना हो रहे थे तो जलसंसाधन मंत्री श्री सांवरलाल जाट बाहर धूप मे खडे थे। जिस पर उराष्ट्रपति श्री अंसारी ने प्रो. जाट का हाथ अपने हाथों में लेकर आत्मीयता से कहा कि ये तो बडा जुल्म है कि मेरे आतिथ्य सत्कार के लिए आप धूप में खडे है। इस पर जलससांधन मंत्री प्रो. जाट ने कहा कि राज्य के प्रतिनिधि के तौर पर आपके आतिथ्य सत्कार को मौका मिलना बडे सौभाग्य की बात है। इस अवसर पर महापौर श्री कमल बाकोलिया ने उपराष्ट्रपति श्री अंसारी से कहा कि आपके आतिथ्य सत्कार को मौका मिलना अजमेर शहर के लिए गौरव का क्षण है, उन्होंने अजमेर के समस्त नागरिकों की ओर से आभार व्यक्त किया।
आज सुबह अजमेर से प्रस्थान करते समय उपराष्ट्रपति श्री अंसारी ने अजमेर में दरगाह व मेया कॉलेज में बिताए अपने सुखद पलों को पुन: स्मरण किया और जलसंसाधन मंत्री प्रो. सांवरलाल जाट व महापौर कमल बाकोलिया द्वारा अभिनन्दन व सत्कार के लिए धन्यवाद ज्ञापित कर विदाई ली।