
विद्युत विभाग की लापरवाही से उपभोक्ता परेशान
ब्यावर, (हेमन्त साहू)। विद्युत की आए दिन बढ़ती दरों से परेशान उपभोक्ता एक बिल का मुश्किल से भुगतान कर पाता है। वही उसे दस दिन बाद फिर बिल थमा दिया जाए तो वज्रपात होना स्वाभाविक है। डिस्कॉम की तकनीकी गड़बड़ी से आए बिल को दोबारा जमा नहीं कराने के लिए अधिकारी भले ही कह रहे हों मगर उपभोक्ता को होने वाली परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है। बिल में हुई गड़बड़ी में सुधार के लिए निगम के दफ्तर में बेवजह चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
गणेशपुरा रोड पर बृजमोहन नगर निवासी मोहनी देवी पत्नि बाबूलाल सेन को 12 सितंबर को जारी हुए सितंबर महीने का बिल दिया गया। अंतिम तारीख निकलने की वजह से मोहनी देवी की ओर से अंतिम तिथि के तीन दिन बाद 29 सितंबर को विलंब शुल्क सहित बिल की राशि 5309 रुपए जमा करा दिए गए। लेकिन बिल राशि जमा कराए अभी दस दिन भी नहीं बीते होंगे कि उनके घर पर सितंबर महीने का नया बकाया बिल पहुंच गया। इस बिल में भी जारी होने की तारीख समेत मीटर रीडिंग इत्यादि हूबहू पिछले बिल के समान मिली।
बिल जमा कराने के बावजूद दोबारा बिल मिलने से मोहनी देवी सकते में गई। यही नहीं दोबारा मिले बिल में अंतिम तारीख 11 अक्टूबर होने से महज दो दिन पहले मिले नए बिल की राशि जुटाने को लेकर एक बारगी तो बुजुर्ग मोहनी देवी परेशान होना पड़ा। सकते में आई मोहनी देवी के आरएसईबी कार्यालय में संपर्क करने पर नए बिल को निरस्त करने की कार्रवाई हो पाई।
अभियंता कहिन:– कुछ बिलों में कंप्यूटर लेवल पर तकनीकी खराबी हो गई थी, जिससे दोबारा बिल निकल गए। अगर पहले बिल जमा करा चुके हैं तो हम कंज्यूमर को दोबारा बिल जमा नहीं कराने के लिए कह रहे हैं। ऐसे कंज्यूमर को दोबारा बिल जमा कराने की आवश्यकता नहीं है। के सी मीणा, एईएनसीएसडी द्वितीय।