संभागीय आयुक्त ने किया स्मार्ट व हेरीटेज सिटी में सहयोग का आह्वान

अजमेर, 13 दिसम्बर। संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेन्द्र भटनागर ने शहर के प्रबुद्घ नागरिकों से मोहल्ला विकास समितियों का गठन कर स्मार्ट व हेरीटेज सिटी योजना में सहयोग का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मोहल्ला विकास समितियों के जरिए सफाई एवं विकास कार्याें में प्रशासनिक ईकाईयों का सहयोग करें तथा जनता को जागरूक करें।
संभागीय आयुक्त डॉ. भटनागर ने शनिवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित शहर के प्रबुद्घ नागरिकों की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केन्द्र व राज्य सरकार ने अजमेर को स्मार्ट व हेरीटेज सिटी के रूप में चयनित किया है। हम सब सामूहिक रूप से अपनी जिम्मेदारी निभाएं। जनता को विभिन्न अधिकार प्राप्त है, साथ ही हम लोगों को उनका कर्तव्य निर्वहन के प्रति भी जागरूक करें।
डॉ. भटनागर ने बैठक में उपस्थित प्रबुद्घ नागरिकों को स्मार्ट व हेरीटेज सिटी योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अजमेर विकास प्राधिकरण से जुड़े कार्याें में तेजी लाने के लिए 24 सेक्टर बनाएं गए हैं। नागरिकों को प्राधिकरण से संबंधित विभिन्न कार्याें के लिए सेक्टर प्रभारियों से सम्पर्क करना चाहिए ताकि उनका काम तेजी से हो सके।
उन्होंने सभी प्रबुद्घ नागरिकों से आग्रह किया कि वे मोहल्ला विकास समितियों का गठन करें तथा जहां पर पहले से ही समितियां मौजूद है, उन्हें जागरूक करें। यह समितियां अपने-अपने क्षेत्र में सफाई, पानी, बिजली, सड़क एवं अन्य कार्याें के क्रियान्वयन में सहयोग करें। जहां पर किसी तरह की अव्यवस्था है उसके बारे में प्रशासन को सूचित करें।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि अजमेर विकास प्राधिकरण स्मार्ट सिटी योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए कोटडा एवं जे.पी. नगर आवासीय योजनाओं को स्मार्ट कॉलोनी के रूप में चिन्हित किया है। इन क्षेत्रों से संबंधित मौहल्ला समितियां भी अपने सुझाव दें।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी के तहत विभिन्न क्षेत्रों यथा सड़क, पानी, बिजली, यातायात, सुरक्षा व तकनीक के क्षेत्र में बेंच मार्क निश्चित किए गए हैं। इनसे संबंधित कार्य शुरू कर दिए गए हैं। अजमेर में करीब एक हजार सरकारी व गैर सरकारी कार्यालय व संस्थाएं है, यह सभी संस्थाएं प्रशासन के साथ मिलकर स्वच्छता व स्मार्ट सिटी के उद्देश्यों में सहयोग करें तो बेहतर परिणाम हासिल हो सकते हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सी.आर. मीना ने बताया कि निगम द्वारा कचरा प्रबंधन, सफाई एवं अन्य कार्य करवाएं जा रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है। इन कार्यों में जन सहयोग भी मिले तो और अच्छे परिणाम हासिल हो सकते हैं।
बैठक में प्रगति नगर विकास समिति के श्री जगदीश नन्दन शर्मा ने सुझाव दिया कि शहर में स्थित विभिन्न समारोह स्थल में आयोजित होने वाले शादी-ब्याह व अन्य कार्यक्रमों के बाद वहां से दोने-पत्तल एवं अन्य कचरा उठाने की प्रभावी व्यवस्था की जाएं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि इस संदर्भ में कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में जीव सेवा समिति के श्री जगदीश वच्छानी, डॉ. ब्रिजेश माथुर सहित अन्य प्रबुद्घ नागरिकों ने भी विचार व्यक्त किएं। बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती स्नेहलता पंवार, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री रमेश सोलंकी सहित अन्य अधिकारी व प्रबुद्घ नागरिक उपस्थित थे।