हर्षोल्लास से मनाएंगे महाराजा अग्रसेन का महोत्सव

agrasen-सुमित सारस्वत- ब्यावर में अग्रवाल समाज के आराध्य श्री अग्रसेन महाराज का 5139वां जयंती महोत्सव हर्ष, उल्लास व उमंग के साथ मनाया जाएगा। 7 से 14 अक्टूबर तक विशाल स्तर पर आयोजित होने वाले अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए समाज में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई है। इस बार महोत्सव को आनंदपूर्वक संपन्न कराने के लिए महेंद्र सलेमाबादी को संयोजक का दायित्व सौंपा है। ओमप्रकाश अग्रवाल, श्यामसुंदर अग्रवाल व भरत मंगल सह-संयोजक होंगे।
संयोजक महेंद्र सलेमाबादी ने बताया कि आठ दिवसीय महोत्सव की संपूर्ण जानकारियों को समावेश कर कार्यक्रम पत्रिका का प्रकाशन करवाया है। 7 अक्टूबर को प्रात: 8.15 बजे अग्रसेन महाराज की पूजा व ध्वजारोहण के साथ महोत्सव का आगाज होगा। इसके बाद सातपुलिया स्थित फतेहपुरिया बगीची में प्रात: 9 बजे से शिशु प्रदर्शनी का आयोजन होगा। प्रात: 9.30 बजे अमृतकौर अस्पताल में फल वितरण किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से फतेहपुरिया बगीची में युवकों व पुरूषों हेतु निशानेबाजी, मटका फोड़, म्यूजिकल चेयर रेस व अखबार ज्ञान प्रतियोगिता होगी। सायं 6 बजे समाज के युवा कबड्डी में दमखम दिखाएंगे। सायं 7.30 बजे से सांस्कृतिक संध्या में बालिकाओं व महिलाओं के लिए नृत्य प्रतियोगिता होगी।
8 अक्टूबर को स्कूल व कॉलेज विद्यार्थियों के लिए कई रोचक प्रतियोगिताएं होगी। 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से बालिकाओं के लिए रोचक प्रतियोगिताएं होगी। सायं 7.30 बजे से सांस्कृतिक संध्या में बालकों के लिए विविध वेशभूषा, कविता पाठ, वन मिनट शो, नृत्य प्रतियोगिता होगी। 10 अक्टूबर को प्रात: 7 बजे से छावनी गर्ल्स स्कूल ग्राउंड में क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। दोपहर 2 बजे से फतेहपुरिया बगीची में महिलाओं के लिए मटकी दौड़, रंगोली, शृंगार, म्यूजिकल चेयर व लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता होगी। 11 अक्टूबर को प्रात: 8.30 बजे बांकेबिहारी मंदिर परिसर में पौधरोपण किया जाएगा। दोपहर 2 बजे छावनी गर्ल्स स्कूल ग्राउण्ड में युवतियों के लिए धीमी गति वाहन दौड़ प्रतियोगिता होगी। दोपहर 2 बजे फतेहपुरिया बगीची में महिलाओं के लिए किचन क्वीन प्रतियोगिता होगी। सायं 7.30 बजे से बालिकाओं के लिए विविध वेशभूषा, कविता पाठ, वन मिनट शो, नृत्य प्रतियोगिता होगी। 12 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे मिशन ग्राउण्ड में युवकों व पुरूषों के लिए धीमी गति वाहन दौड़ होगी। इसके पश्चात् अग्र वाहन रैली निकाली जाएगी। यह रैली मिशन ग्राउण्ड से शुरू होकर मुख्य मार्गों से गुजरते हुए फतेहपुरिया बगीची पहुंचेगी। यहां दोपहर 1.30 बजे से राणी सती का संगीतमय मंगलपाठ होगा। इसमें गायक गोपाल वर्मा प्रस्तुति देंगे। 14 अक्टूबर को सायं 7.30 बजे महोत्सव का समापन व पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। इसमें विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। बुजुर्गों व प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहनलाल गर्ग होंगे। इन तमाम कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए अलग-अलग संयोजक भी नियुक्त किए गए हैं।
योग व प्राणायाम शिविर
8 से 11 अक्टूबर तक फतेहपुरिया बगीची में योग व प्राणायाम शिविर लगेगा। इसमें प्रात: 6 बजे से ऑर्ट ऑफ लिविंग परिवार योगाभ्यास करवाएगा।
प्रभु चरित्र मंचन होगा खास आकर्षण
8 अक्टूबर को सायं 7.30 बजे से फतेहपुरिया बगीची में प्रभु चरित्र मंचन होगा। इसमें दिल्ली के कलाकारों द्वारा भगवान शंकर, श्रीकृष्ण व अन्य प्रभु चरित्रों पर आधारित प्रसंगों का मंचन खास आकर्षण रहेगा।
फतेहपुरिया चौपड़ पर गुदगुदाएंगे कवि
महोत्सव के तहत 10 अक्टूबर को रात्रि 8.30 बजे से फतेहपुरिया चौपड़ पर विराट कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें हास्य कवि मनोज गुर्जर (मुंबई), सुनील व्यास (मुंबई), अशोक भाटी (उज्जैन) अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। सौरभ सुमन (मेरठ) व जगदीश सोलंकी (कोटा) वीर रस की रचनाओं से गगन गुंजायमान करेंगे। वहीं ब्यावर में पहली बार ख्यातनाम कवियत्री अनामिका अंबर (मेरठ) शृंगार से सरोबार कविताओं का रसपान कराएगी।
गाजे-बाजे से निकलेंगे ‘महाराजा’
13 अक्टूबर को कलश व शोभायात्रा का भव्य आयोजन होगा। इसमें आकर्षक झांकियों व व्यायाम प्रदर्शन करते स्कूली बच्चों सहित समाज के महिला-पुरूष शामिल होंगे। यह जुलूस प्रात: 8.45 बजे नगर परिषद मार्ग स्थित अग्रसेन भवन से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए बंशी भवन पहुंचेगा। इसके पश्चात् हवन होगा। फतेहपुरिया बगीची में महाप्रसादी होगी। यहीं सायं 7.30 बजे से बालिकाओं व महिलाओं के लिए डांडिया रास होगा।
सफलता के लिए जुटा समाज
अग्रवाल समाज अध्यक्ष मुकेश अरड़का, नितेश गोयल, ललित अग्रवाल, अशोक गोयल, नवीन गर्ग, नरेंद्र बजारी, मुकेश गुप्ता, डॉ.राधेश्याम डाणी, सीमा गुप्ता, रामकुमार अग्रवाल, अनिल मित्तल, टीकमचंद गोयल, अनिल सर्राफ, सुनील जिंदल, रामनारायण डाणी, घनश्याम गर्ग, नवल मुरारका, अमित बंसल, शैलेंद्र गुप्ता, नरेश मित्तल, पवन रायपुरिया, अजय गोयल, डॉ.नमिता जालान, रामबाबू सिंहल, राजेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, गोपालकृष्ण बंसल, गोपालचंद अग्रवाल व अन्य सदस्य महोत्सव की सफलता के लिए तैयारियों में जुटे हैं।

error: Content is protected !!