ब्यावर, 22 मार्च। उपखण्ड अधिकारी श्री आशीष गुप्ता ने कहा कि अधिकारी विभागीय लक्ष्यों को संवेदनशील होकर समन्वय से पूर्ण करते हुए आमजन को राहत प्रदान करें, उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लक्ष्य को शीघ्रता से प्राप्त करते हुए स्वच्छता व स्वास्थ्य के उच्च मापदण्ड स्थापित करने की बात कही।
श्री गुप्ता आज उपखण्ड कार्यालय सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लक्ष्य को पूर्ण करने एवं राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर लम्बित प्रकरणों के निस्तारण हेतु सजग होकर कार्य करें। इस मौके पर उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्य व विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए।
बैठक में प्रगति प्रसार अधिकारी मूलचन्द अग्रवाल ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत होली पर्व के पश्चात् जवाजा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत किशनपुरा, कोटड़ा, रावतमाल, लोटियाना को भी खुले में शौच से मुक्त करते हुए गौरव यात्राएं निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्रामपंचायत देलवाड़ा, सरवीना, सुहावा व तारागढ़ को खुले में शौच की बुराई से मुक्त किया जा चुका है अन्य ग्रामपंचायतों में भी लक्ष्य के अनुरूप शौचालय निर्माण का कार्य प्रगतिरत है। जिस पर उपखण्ड अधिकारी श्री गुप्ता ने स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिकों व कर्मचारियों की सम्मिलित टीम बनाकर आमजन को जागरूक करने की बात कही, साथ ही जेसीबी के माध्यम से कम लागत व समय में एकसाथ खड्डों की खुदाई करने के निर्देश दिए।
श्री गुप्ता ने बताया कि राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर नगरपरिषद के 27, पंचायतीराज विभाग के 14, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का एक, तहसील टाॅडगढ़ का एक, महिला एवं बाल विकास विभाग के 3, ब्लाॅक प्रारंभिक शिक्षा विभाग के 3 एवं एवीवीएनएल के 2 प्रकरण लम्बित हैं, जिनकी नियमित माॅनिटरिंग कर निस्तारण हेतु की गई कार्यवाही को राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर अपलोड किया जाना चाहिए। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से विभिन्न ग्रामपंचायतों में हैण्डपम्प रिपेरिंग संबंधी कार्यक्रम के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि ग्रामपंचायत में दौरे से पूर्व स्थानीय सरपंच को पूर्ण जानकारी देकर सहयोग लेने की बात कही। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्राी जल स्वावलम्बन अभियान के तहत जल संसाधन विभाग के ग्राम पंचायत बलाड में जारी कार्य के बारे में जानकारी भी ली।
बैठक में आगामी गर्मी के मौसम केे मद्देनज़र टैंकर द्वारा जलापूर्ति की व्यवस्था, उपखण्ड कार्यालय के मीटिंग हाॅल के बाहर के आंगन को लेवल में करने, पनघट योजना के तहत हैण्डपम्प का सर्वे करने, जवाजा में किसान सेवा केन्द्र का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने आदि विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही नगरपरिषद को तहसील कार्यालय में सूचना सहायकों के लिए चार कुर्सियां उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में तहसीलदार जी.आर.बैरवा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती लीलावती, सहायक निदेशक कृषि विस्तार विनोद कुमार, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी विनोद मोलपरिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
जन अभाव अभियोग व सतर्कता समिति की बैठक
उपखण्ड अधिकारी श्री आशीष गुप्ता की अध्यक्षता में उपखण्ड कार्यालय सभागार में आज जन अभाव अभियोग व सतर्कता समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न प्रकरणों पर चर्चा कर संबंधित विभाग को समयबद्ध सीमा में प्रकरण के निस्तारण हेतु निर्देश दिये गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।–00–
बादशाह मेला 2016: नियन्त्राण कक्ष की स्थापना
होली पर्व व बादशाह मेला उत्साह व हर्षाेल्लास से मनाएं
ब्यावर, 22 मार्च। उपखण्ड अधिकारी श्री आशीष गुप्ता ने समस्त नागरिकों को होली पर्व व बादशाह मेले की शुभकामनाएं देते हुए रंगों के पर्व को उत्साह व हर्षोल्लास से मनाने का संदेश देते हुए 23 से 25 मार्च तक कानून व शान्ति व्यवस्था समेत अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने एवं समन्वय के लिए तहसील कार्यालय में नियन्त्राण कक्ष स्थापित करने के निर्देश भी दिए हैं। नियन्त्राण कक्ष के प्रभारी नायब तहसीलदार ब्यावर श्री रामपाल बोहरा हैं एवं दूरभाष नं. 01462-257132 है।
मिलावटी गुलाल के उपयोग से बचे
उपखण्ड प्रशासन एवं श्री बादशाह मेला समिति की ओर से आमजन से अपील की गई है कि बादशाह मेले के दौरान मिलावटी गुलाल के उपयोग से बचे एवं किसी की आंखों में गुलाल ना डालें। ब्यावर शहर में कोई भी दुकानदार व ठेले वाले मिट्टी से बनी व मिलावटी गुलाल नहीं बेचेंगे। लाल गुलाल का ही प्रयोग किया जाना अनिवार्य है, अन्य रंगों की गुलाल उड़ाना वजिऱ्त है। महिलाओं पर गुलाल डालना अथवा गुलाल की पुडि़या बांधकर फैंकना सख्त मना है। चंग पर अश्लील व भद्दे गीत गाना मना है। इस प्रकार प्रत्येक नागरिक उक्त नियमों की पालना कर बादशाह मेले की व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग कर सकता है। –00–
भामाशाह रोजगार योजना के तहत साक्षात्कार 29 मार्च को
ब्यावर, 22 मार्च। भामाशाह रोजगार योजना के अन्तर्गत टास्क फोर्स समिति के माध्यम से जिला उद्योग उपकेन्द्र ब्यावर में 29 मार्च 2016 को भामाशाह रोजगार योजना के साक्षात्कार आयोजित किये जाएंगे।
जिला उद्योग अधिकारी प्रवीण मेहरा ने बताया कि भामाशाह रोजगार योजना के तहत वे अभ्यर्थी जिन्होंने 15 जनवरी 2016 से 29 फरवरी 2016 तक ऋण आवेदन प्रस्तुत किये हैं, अपने मूल दस्तावेज़ सहित जिला उद्योग उपकेन्द्र ब्यावर में 29 मार्च को प्रातः 10 बजे उपस्थित होकर राज्यसरकार की भामाशाह रोजगार योजना के सफल क्रियान्वयन में सहभागी बनेंगे। –00–
नृत्य प्रतियोगिता का आॅडिशन 26 मार्च को
ब्यावर, 22 मार्च। उत्सव मंच द्वारा राजस्थान दिवस के मौके पर आगामी 30 मार्च को नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता के आॅडिशन 26 मार्च को लिये जाएंगे।
अध्यक्ष कमल मण्डोरा ने बताया कि राजस्थान दिवस के मौके पर आयोजित होने वाली नृृत्य प्रतियोगिता दो वर्गाें में आयोजित की जाएगी। प्रथम वर्ग में 4 से 10 वर्ष एवं द्वितीय वर्ग में 11 से 18 वर्ष तक के बच्चे भाग ले सकेंगे। इस प्रतियोगिता के लिए आॅडिशन 26 मार्च को प्रातः 11.30 बजे बंशी भवन में लिये जाएंगे। उन्होंने बताया कि नृत्य प्रतियोगिता के माध्यम से शहर की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। –00–
फाग उत्सव 24 मार्च को
ब्यावर,22 मार्च। बांके बिहारी ट्रस्ट उत्सव समिति द्वारा आगामी 24 मार्च को धुलण्डी के अवसर पर फाग उत्सव मनाया जाएगा। फाग उत्सव की तैयारी व व्यवस्था के संबंध में मंदिर परिसर में बैठक में अंतिम रूप दिया गया।
समिति के मीडिया प्रभारी सतीश गर्ग ने बताया कि समिति अध्यक्ष माणक डाणी की अध्यक्षता में मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक में प्रतिवर्ष की भांति धुलण्डी पर 24 मार्च को फाग उत्सव मनाने का निर्णय किया गया। फाग उत्सव में महिलाओं के लिए बैठने की अलग से व्यवस्था रहेगी तथा प्रख्यात भजन गायक गोपाल वर्मा द्वारा फाग की प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि फाग उत्सव की व्यवस्था के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है जिसके तहत स्वागत समिति में माणक डाणी, नेमीचन्द सर्राफ, श्यामसुन्दर गर्ग, रमाकान्त डाणी, कुन्दन सर्राफ, लक्ष्मीनारायण कन्दोई, श्रवण गर्ग शामिल हैं। इसी प्रकार पुष्पमाला समिति में सुरेश रायपुरिया, प्रसाद समिति में कमल मुरारका, महेश सिंहल, श्यामसुन्दर अग्रवाल, ओमप्रकाश पालडि़या, श्रृंगार समिति में किशोर,मौनू अरोड़ा, विजय तंवर, घनश्याम गर्ग, लक्ष्मीनारायण अकोला, पं.शिवरत्न दाधीच एवं मंच समिति में सतीश गर्ग, महेन्द्र सलेमावादी आदि शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि बांके बिहारी फाग उत्सव में बिहारी जी को विशेष केशु के फूलों का रंग बनाकर उसमें केसर मिलाकर रंग तैयार किया जाता है, इसके बाद चांदी की पिचकारी से होली खेलायी जाती हैं। इस मौके पर फूलों से भी होली खेली जाती है।
बैठक में नेमीचन्द सर्राफ, श्यामसुन्दर गर्ग, सुरेश गोयल, राजेन्द्र गर्ग, कमल मुरारका, महेश सिंहल, श्यामसुन्दर अग्रवाल, किशोर अग्रवाल, गोविन्द किशोर, विजय तंवर, सतीश गर्ग, पं. शिवरतन दाधीच आदि उपस्थित थे।–00–
विज्ञापन होर्डिंग व कियोस्क एजेन्सी के मार्फत लगाये जाएंगे
ब्यावर, 22 मार्च। ब्यावर नगरपरिषद सीमा क्षेत्रा में विज्ञापन हेतु होर्डिंग व बिजली के खम्भों पर कियोस्क अधिकृत एजेन्सी के माध्यम से लगाने हेतु नगरपरिषद द्वारा निर्देश जारी किये गए हैं।
नगरपरिषद आयुक्त मुरारीलाल वर्मा के अनुसार नगरपरिषद सीमा क्षेत्रा में वित्तीय वर्ष 2016-17 में विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग्स व बिजली के खम्भों पर कियोस्क (छोटे बोर्ड) लगाने हेतु नियमानुसार नीलामी द्वारा ठेका स्वीकृत किया जा चुका है। अतः समस्त व्यवसायियों को सूचना देते हुए पाबन्द किया जाता है कि वे अपने विज्ञापन अधिकृत एजेन्सी के मार्फत ही लगाएं अन्यथा परिषद की जांच के उपरान्त संबंधित एजेन्सी की शिकायत प्राप्त होने पर अनाधिकृत विज्ञापनदाता व एजेन्सी के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही कर सामान जप्त कर लिया जाएगा।–00–
होली पर्व के मद्देनज़र क्षेत्रा में निषेधाज्ञा
ब्यावर, 22 मार्च। होली पर्व व बादशाह मेले के अवसर पर कानून व शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए उपजिला मजिस्ट्रेट श्री आशीष गुप्ता द्वारा उपखण्ड क्षेत्रा ब्यावर में निषेधाज्ञा लागू की गई है।
उपजिला मजिस्ट्रेटश्री गुप्ता के अनुसार होली पर्व व बादशाह मेले के दौरान शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए भारतीय दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत 22 मार्च 2016 को प्रातः 6 बजे से 29 मार्च 2016 की रात्रि 12 बजे तक कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का धारदार हथियार, तलवार, गुप्ती, भाला, बन्दूक, रिवाॅल्वर व विस्फोटक पदार्थ आदि का प्रयोग नहीं करेगा और न ही अपने साथ रखेगा तथा न ही सार्वजनिक स्थानों पर इसका प्रदर्शन किया जाएगा। उक्त अवधि के दौरान कोई भी व्यक्ति पानी व रंग से भरे हुए गुब्बारे, पाॅलिथीन के पैकेट, प्लास्टिक की बोतलें आदि अन्य व्यक्तियांे एवं वाहनों पर नहीं फैंकेंगे। इस अवधि में बिना अनुमति ध्वनि प्रसारण यंत्रों के प्रयोग पर निषेध रहेगा। यह आदेश उपखण्ड क्षेत्रा ब्यावर के लिए प्रभावी होगा।
उन्होंने बताया कि यह आदेश कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से ज़ारी किया गया है, क्षेत्रा में तैेनात पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर लागू नहीं होगा। उक्त आदेश की अवहेलना करना भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 के तहत दण्डनीय अपराध होगा।–00–
विद्युत बिल संग्रहण केन्द्र अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे
ब्यावर, 22 मार्च। विद्युत बिल राशि संग्रहण केन्द्र 31 मार्च 2016 तक अवकाश के दिनों (होली के अवकाश को छोड़कर) में भी खुले रहेंगे। विद्युत बिलों के संग्रहण का कार्य प्रातः 9 से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। उक्त जानकारी एवीवीएनएल के सहायक अभियंता (सीएसडी-प्रथम) महेन्द्र सिंह चैधरी ने दी। –00–
राजकीय चिकित्सालय के समय में परिवर्तन एक अप्रैल से
ब्यावर, 22मार्च। राज्य सरकार के निर्देशानुसार राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय ब्यावर में आगामी एक अप्रैल 2016 से 30 सितम्बर 2016 तक समय परिवर्तन किया जाएगा, जिसके तहत प्रातः 8 से दोपहर 12 बजे तक एवं सायं 5 बजे से सायं 7 बजे तक चिकित्सालय का समय रहेगा। इसी प्रकार रविवार एवं राजपत्रित अवकाश के दिनों में प्रातः 9 से प्रातः 11 बजे तक का समय रहेगा। उक्त जानकारी प्रिन्सिपल मेडिकल आॅफिसर डाॅ. एम.के.जैन ने दी। –00–