विशाल भजन संध्या आज
ब्यावर, 26 अगस्त। श्री श्याम परिवार की ओर से फतेहपुरिया चौपड़ स्थित श्री सार्थ गणपति मंदिर में गणेश महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। संयोजक विजय मंडोरा ने बताया कि पांच दिवसीय कार्यक्रम के तहत गजानन सरकार को छप्पन भोग जिमाया गया। साथ ही संगीत संध्या आयोजित की गई। इसमें भक्तों ने धार्मिक गीतों पर झूमते हुए डांडिया रास किया। इससे पूर्व सुनील कौशिक, सुनील सिंहल, मुकेश गर्ग, दिलीप खत्री ने सपत्नीक पूजा में भाग लिया। पं. विकास शर्मा ने गणपति बप्पा का मनमोहक श्रृंगार कर आरती की। सह संयोजक मयंक सिंहल व संस्कार मंगल ने बताया कि शनिवार को सायं 7 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। इस मौके पर सतरंगी रोशनी व कृत्रिम फूलों से आकर्षक सजावट की गई है। रविवार को सायं 7 बजे 108 दीपक से महाआरती की जाएगी।