मनुष्य खुद को पहचान ले तो समझो प्रभु को पा लिया: कृष्णानन्द

112018 (7)अजमेर 01 जनवरी। आजाद पार्क में बनी अयोध्या नगरी में राम नाम महामंत्रों की परिक्रमा के दूसरे दिन सोमवार को भी हजारों श्रद्धालुओं ने परिक्रमा के साथ भक्ति और आधात्म का आनंद लिया। सुबह 6रू15 बजे प्रभातफेरी के बाद विधिवत परिक्रमा प्रारंभ हो गई। देर शाम तक रामभक्त ने आध्यात्म की गंगा में गोते लगाते रहे।
परिक्रमा महोत्सव के दूसरे दिन भक्तों ने संत कृष्णानन्द महाराज के प्रवचनों का भक्तिपूर्ण माहौल में श्रवण किया। महाराज ने भगवान राम की महिमा बताते हुए कहा कि जिसे हम भगवान मानकर पाने के जतन करते रहते हैं वह राम तो हर जगह विध्मान है। भगवान कभी खोता नहीं, वह गुम होने वाली वस्तु नहीं है जिसे ढूंढा जाए, यह जीव यानी मानव है जो खुद संसार की माया में खो जाता है। मनुष्य यदि खुद को पहचान ले तो समझों उसने प्रभु को पा लिया। राम को पाने के यूं तो कई तरीके हैं, इनमें सबसे सरल मार्ग उसकी भक्ति करना है। भगवान के भक्त बन जाओं तो समझो उसे पाने की आधी दूरी तय हो गई।
महाराज ने कहा कि परमात्मा को पाने के लिए ही यह मानव शरीर मिला है। हर सांस में राम, सूर्य के प्रकाश में राम, धरा में राम, आकाश में राम, हर जगह राम ही बसा है। बस, भक्त एक बार सच्चे मन से आहवान तो करें, प्रभु प्रकट हो जाएंगे।
उन्होंने एक प्रसंग का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान राम की एक खूबी यह रही है कि उनके भक्त को उनके पास नहीं जाना पडता, वे खुद भक्त तक पहुंचते हैं। राम के जीवन चरित्र के अध्ययन से पता चलता है कि जिस जगह और जहां कहीं भक्त ने उन्हें याद किया वे खुद उस जगह पहुंचे हैं। महाराज ने कहा कि अजमेर के लोगों का सौभाग्य है कि सबकों यहां भगवान राम के 54 अरब हस्तलिखित नाम की परिक्रमा करने का अवसर मिला है। यहां तो राम 54 अरब स्वरूपों में साक्षत विराजित हैं।
सहसंयोजक उमेश गर्ग ने बताया कि श्रीराम नाम महामंत्र परिक्रमा समारोह समिति के तत्वावधान और श्री मानव मंगल सेवा न्यास व श्रीराम नाम धन संग्रह बैंक के सहयोग से आजाद पार्क में परिक्रमा का आयोजन 15 जनवरी तक रहेगा। परिक्रमा के दौरान भक्तजन सुन्दरकाण्ड पाठ और संतजनों के प्रवचन भी प्रतिदिन होंगे। इस दौरान भक्तजन श्रीराम नाम के हस्तलिखित महामंत्रों की परिक्रमा का लाभ ले सकेंगे। खास बात यह है कि इस बार 54 अरब हस्तलिखित राम नाम महामंत्रों की महापरिक्रमा का अवसर मिल रहा है। परिक्रमा स्थल पर ही भारत स्वाभिमान ट्रस्ट व पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में सुबह 6 बजे से 7ः30 बजे तक निशुल्क योग और प्राणायाम कराया जा रहा है।
सोमवार मध्यान्ह 2ः30 बजे श्री पवनपुत्र मानस मण्डल के लखन सिंह भाटी व साथियों की ओर से सुन्दरकाण्ड पाठ की संगीतमय प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात संत कृष्णानन्द महाराज ने अपने प्रवचनों से श्रृद्धालुओं को निहाल किया। प्रवचनों पश्चात समाज में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले समाजसेवी अतुल दुबे और स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले पूरण सिंह चौहान का सम्मान किया गया। महाआरती के दौरान रामनाम बैंक के संस्थापक बालकृष्ण पुरोहित, सहसंयोजक कंवल प्रकाश किशनानी, महेन्द्र जैन मित्तल, समिति के सुरेश शर्मा, शिवरतन वैष्णव, विनीत लोहिया समेत बडी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महाआरती के बाद विविधा-अजमेर कत्थक कला केन्द्र की दृष्टि रॉय व साथियों द्वारा भगवान राम को समर्पित नृत्य नाटिका की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम में राजेश सोनी, गोकुल धाम की कनोडिया यजमान रहे। मंच संचालन वृतिका शर्मा ने किया।
84 लाख बार राम नाम का हस्तलेखन करने वालों का सम्मान
श्रीरामनाम धन संग्रह बैंक अजमेर की ओर से 84 लाख बार राम नाम का हस्तलेखन करने वाले साधकों के सम्मान के क्रम में सोमवार को सत्यप्रकाश यादव, विजय यादव, रामगोपाल सतरावला, बुद्धालाल सुनारिवाल, मगनदेवी बंसल एवं मंजू देवी का बहुमान किया गया। ऐसे साधकों को संस्था की ओर से श्रीफल, श्रीफल भेंट कर तथा शॉल ओढाकर सम्मानित किया गया। संस्था के साथ करीब 32 हजार साधक प्रत्यक्ष रूप से जुडे हुए हैं तथा इनकी संख्या दिन प्रतिदिन बढती जा रही है। ये भी निरंतर राम नाम लेखन कर रहे हैं।
परिक्रमा स्थल पर लें सकेंगे रामनाम लेखन का संकल्प
परिक्रमा स्थल पर ही राम नाम महामंत्र की 11 आसनों पर साधना एवं लेखन की विशेष व्यवस्था की गई है। रामनाम लेखन में रुचि रखने वाले साधकों को रिक्त पुस्तिकाएं मुहैया कराई जा रही है। पूर्णरूप से भरी पुस्तिओं को भी जमा करने की व्यवस्था भी की गई है। इस लेखन के रजिस्ट्रेशन के लिए बालकिशन पुरोहित, रामसिंह चौहान, लक्ष्मण शर्मा, विजय शर्मा से संपर्क कर सकते हैं।
84 लाख राम नाम का हस्तलेखन कर निहाल हुए ये साधक
विष्णुहिल टाउन अजमेर निवासी 72 वर्षीय सत्यप्रकाश यादव और 69 वर्षीय श्रीमती विजय यादव ने एक साथ राम नाम लेखन शुरू किया। दोनों पति पत्नी ने एक साथ ही 84 लाख रामनाम लेखन पूर्ण किया। यादव दंपती ने 20 जून 2009 से राम नाम लेखन शुरू किया था। 28 फरवरी 20016 को 84 लाख राम नाम का लेखन पूर्ण हो गया। इस दंपती को साल 2009 में एक बार राम नाम परिक्रमा में आने का मौका मिला था बस तब से राम नाम लेखन की लगन लग गई।
कुचील के रहने वाले 76 वर्षीय बुद्धालाल सुनारिवाल राम नाम बैंक से बरसों से जुडे हुए हैं। इनका कहना है कि नौकरी के दौरान पैर दर्द रहता था, काफी परेशान रहे। इसी बीच किसी ने बताया कि बताया कि राम नाम बैंक जाओ वहां उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र भी संचालित है। दर्द के निवारण के लिए पहुंचा। उन्होंने राम नाम लिखने को कहा और राम नाम लेखन शुरू कर दिया। हर दिन कभी एक पेज तो कभी दो पेज लिखा करता था। कब 84 लाख राम नाम परे हो गए पता ही नहीं चला।
जोंसगंज अजमेर के निवासी 76 वर्षीय रामगोपाल सतरावला ने भी 84 लाख राम नामों का हस्तलेखन किया है। वे सन 1990 से राम नाम लेखन कर रहे हैं। सतरावला बताया एक दिन बाजार में कपडे की दुकान पर गया तो वहां उस दुकानदार को राम नाम लिखते देखा। उससे पूछा कि ये क्या तो उसने बताया कि राम नाम का लेखन है। बस तभी मुझे भी लगन लगी। उससे पूछा कॉपी कहा और कैसे मिलेगी। उसने सब बताया। बस तब से राम नाम लिखने की लगन लग गई। इसी साल 11वें माह में 84 लाख राम नाम पूरे हो गए हैं।
नसीराबाद निवासी 75 वर्षीय मगनदेवी बंसल ने 84 लाख रामनाम का हस्तलेखन पूर्ण कर दिया। इसके बाद भी लेखन कार्य की निरंतरता बनी हुई है। 20 साल पहले पुष्कर में रामनाम लेखन का संकल्प लिया था। इसके बाद से राम नाम लेखन करना शुरू किया। इनकों देख परिवार के अन्य लोग बेटी, बहू, जेठ भी लिखने लगे हैं।
मंगलवार 2 जनवरी के प्रस्तावित कार्यक्रम
मध्यान्ह 2ः30 बजे पुष्पा जयसवाल व साथियों की ओर से सुन्दरकाण्ड पाठ की प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 5ः30 बजे गनाहेड़ा पुष्कर के दिव्य मुरारी बापू प्रवचन करेंगे। इस दौरान उत्कृष्ठ कार्य करने वाले समाजसेवियों आदि सम्मान किया जाएगा तथा महाआरती के बाद शाम 7ः30 बजे भगवान राम को समर्पित आप और हम व नाट्यवृन्द संस्था द्वारा नाट्य मंचन होगा साथ ही इस्कॉन मंदिर की ओर से संकीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी। इस अवसर पर कार्यक्रम में रमेश मोटवानी, सुमित खेतावत, आनन्द प्रकाश अरोड़ा, गोपाल शशि गुप्ता और हनुमान श्रेया यजमान रहेंगे।

विजय मौर्य
प्रचार प्रमुख
श्रीराम नाम महामंत्र परिक्रमा समारोह समिति
मो. 9887907277

error: Content is protected !!