अजमेर, 2 जनवरी। अजमेर लोकसभा उप चुनाव में इस बार 18 लाख 43 हजार 21 मतदाता मतदान कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गौरव गोयल ने बताया कि मतदाता सूचियों के प्रारूप का अन्तिम प्रकाशन मंगलवार 2 जनवरी को किया गया। मतदाता सूचियों के प्रारूप के अनुसार जिले में कुल 18 लाख 43 हजार 21 मतदाता पंजीकृत है। इनमें से 18 लाख 40 हजार 686 सामान्य तथा 2 हजार 335 सर्विस मतदाता है। जिले में सामान्य पुरूष मतदाता 9 लाख 41 हजार 267, महिला मतदाता 8 लाख 99 हजार 386 तथा अन्य 33 है। सर्विस मतदाताओं में पुरूष 2 हजार 308 तथा महिलाएं 27 है। विधानसभा क्षेत्र किशनगढ़ में 2 लाख 63 हजार 331, पुष्कर में 2 लाख 25 हजार 669, अजमेर उत्तर में 2 लाख 3 हजार 345, अजमेर दक्षिण में 2 लाख 3 हजार 313, नसीराबाद में 2 लाख 15 हजार 14, मसूदा में 2 लाख 55 हजार 826, केकड़ी में 2 लाख 45 हजार 141 तथा दूदू में 2 लाख 29 हजार 47 कुल सामान्य मतदाता है।
उन्होंने बताया कि किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 35 हजार 804 पुरूष, एक लाख 27 हजार 522 महिला तथा 5 अन्य मतदाता है। पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 15 हजार 991 पुरूष, एक लाख 9 हजार 673 महिला तथा 5 अन्य मतदाता है। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 2 हजार 473 पुरूष, एक लाख 863 महिला तथा 9 अन्य मतदाता है। अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 2 हजार 530 पुरूष, एक लाख 776 महिला तथा 7 अन्य मतदाता है। नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 9 हजार 830 पुरूष, एक लाख 5 हजार 182 महिला तथा 2 अन्य मतदाता है। मसूदा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 30 हजार 942 पुरूष, एक लाख 24 हजार 880 महिला तथा 4 अन्य मतदाता है। केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 24 हजार 657 पुरूष, एक लाख 20 हजार 483 महिला तथा एक अन्य मतदाता है। इसी प्रकार दूदू विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 19 हजार 40 पुरूष तथा एक लाख 10 हजार 7 महिला मतदाता है। इस विधानसभा क्षेत्र में कोई भी अन्य मतदाता नहीं है।
अजमेर संसदीय उप चुनाव ःः अधिसूचना बुधवार को जारी होगी
अजमेर, 2 जनवरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अजमेर संसदीय उप चुनाव के लिए अधिसूचना बुधवार 3 जनवरी को जारी होगी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया प्रारम्भ हो जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) श्री गौरव गोयल ने बताया कि नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अन्तिम तिथि बुधवार 10 जनवरी रहेगी। तत्पश्चात 11 जनवरी गुरूवार को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। अभ्यर्थी अपना नाम वापस 15 जनवरी सोमवार तक ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि मतदान 29 जनवरी सोमवार को होगा तथा मतगणना एक फरवरी गुरूवार को होगी।
कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 3 जनवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नाम निर्देशन पत्रों को प्रस्तुत करना प्रारम्भ हो जाएगा। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर का बाह्य व आन्तरिक क्षेत्र में कानून एवं शान्ति तथा समूचित सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की है।
आदेश के तहत अजमेर के उपखण्ड मजिस्ट्रेट श्री अंकित कुमार सिंह को कलेक्ट्रेट परिसर के आन्तरिक क्षेत्र एवं रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। जबकि तहसीलदार अजमेर श्री नरेन्द्र सिंह सोलंकी को कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य द्वार एवं बाहर से आने वाले सड़क मार्ग पर आने वाले नाम निर्देशन पत्र भरने वाले अभ्यर्थियों के काफिले पर निगरानी रखने तथा संबंधित फ्लाईट स्कावड से सम्पर्क स्थापित कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। कानून शान्ति व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभारी अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर श्री अरविंद कुमार सेंगवा होंगे।
जीपीएफ अंशदान में गेप्स की होगी पूर्ति
अजमेर, 2 जनवरी। जिले के कर्मचारियों के जीपीएफ अंशदान में गेप्स की पूर्ति कर उन्हें ऑनलाइन किया जाएगा।
राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधी विभाग की संयुक्त निदेशक श्रीमती रेखा शर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा समस्त कार्मिकों केजीपीएफ खाते को ऑनलाइन करने से पूर्व अंशदान के गेप्स की पूर्ति की जाएगी। इसके प्रथम चरण में आगामी पांच वर्षों में सेवानिवृत होने वाले कार्मिकों के जीपीएफ खातों को पूर्ण किया जाएगा। इसके लिए संबंधित खातेदार कार्मिक तथा उनके आहरण एवं वितरण अधिकारी राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधी विभाग के जिला कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर मार्च माह तक समस्त गेप्स की पूर्ति करवा सकते है। इस संबंध में कटौति पत्र, जीए-55 ए एवं खातेदार की पासबुक जिला कार्यालय में उपलब्ध करवानी होगी। इससे कार्मिक की सेवानिवृति पर एक मुश्त सम्पूर्ण भुगतान किया जाना संभव हो पाएगा।
उन्होंने बताया कि पै मेनेजर से ऑनलाइन वेतन प्राप्त करने वाले कार्मिकों एक जनवरी 2012 के पश्चात की कटौती ऑनलाइन उपलब्ध है। ऎसे कार्मिकों का पदस्थापन से 31 मार्च 2012 तक का लेजर ऑनलाइन किया जाएगा। इनके बीच के गेप्स को भी पूर्ण किया जाएगा।
भयाक्रान्त क्षेत्रों की पहचान कर निष्पक्ष चुनाव कराएंगे सैक्टर अधिकारी
लोकसभा उपचुनाव के लिए सैक्टर अधिकारी नियुक्त, प्रशिक्षण सम्पन्न
अजमेर, 2 जनवरी। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गौरव गोयल के निर्देशन में अजमेर लोकसभा उपचुनाव के लिए नियुक्त सैक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण आज सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में अधिकारियों को लोकसभा क्षेत्र के समस्याग्रस्त क्षेत्राें की पहचान कर तत्काल कार्यवाही, वीवीपेट मशीन के प्रचार -प्रसार, मतदान केन्द्राें का सघन निरीक्षण एवं मैपिंग के आधार पर कार्यवाही तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए।
लोकसभा उपचुनाव से जुड़े अधिकारियों को प्रशिक्षण के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारी श्री भगवत सिंह राठौड़ ने सैक्टर अधिकारियों को उनके दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सैक्टर अधिकारी तीन तरह की योजना बनाकर काम करेंगे। प्रथम वे मतदान पूर्व, द्वितीय मतदान से एक दिन पहले तथा तृतीय मतदान के दिन की योजना तैयार कर कार्य करेंगे।
श्री राठौड़ ने कहा कि सैक्टर अधिकारी तुरन्त अपना कार्य प्रारम्भ करेंगे। ये अधिकारी प्रक्रिया समाप्ति तक अपने सैक्टर में कार्य करेंगे। अधिकारी सैक्टर का नक्शा, रूट चार्ट, सैक्टर में शामिल अधिसूचित मतदान केन्द्रों की सूची, सैक्टर अधिकारी का पहचान पत्र, मतदान केन्द्रों से संबंधित मतदाता के आंकडें, विभाग की हैल्पलाईन से संबंधित जानकारी, मतदाताओं में जागरूकता हेतु पोस्टल पेम्पलेट्स आदि सामग्री, सैक्टर में भयग्रस्त या असुरक्षित महसूस करने वाले मतदाताओं की पहचान के लिए काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि सैक्टर अधिकारी निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के दिन से मतदान प्रक्रिया की समाप्ति तक अपने सैक्टर में स्वतंत्र एवं निर्भय होकर मतदान एवं चुनाव प्रबंधन के लिए उत्तरदायी होंगे। सैक्टर आफिसर को मतदान दिवस के कम से कम 7 दिन पूर्व उसी क्षेत्र के लिए सैक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में भी नामित किया जायेगा। इन्हें विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट की शक्तियाँ भी दी जायेगी। सैक्टर अधिकारी सैक्टर मजिस्ट्रेट का कार्य भी करेंगे इसलिए वे पुलिस अधिकारी के साथ भी भ्रमण करेंगे।
श्री राठौड़ ने कहा कि सैक्टर अधिकारी को मतदान केन्द्रों को प्रदर्शित करते हुए नजरी नक्शे के साथ, मतदान केन्द्रों के दूरभाष नम्बरों की सूची तथा निर्वाचन से जुड़े हुए अधिकारियों, पुलिस थानों, जिम्मेदार व्यक्तियों की सूची, असामाजिक तत्वों की सूची इत्यादि की सूचना के साथ सैक्टर प्लान तैयार करना होगा। सेक्टर अधिकारियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी तथा पर्यवेक्षक द्वारा बार-बार (साप्ताहिक) रिव्यू बैठकें आयोजित की जाएगी तथा उन्हें आवंटित तथा उनके द्वारा किये गये कार्यो का पर्यवेक्षण किया जाएगा। यह अधिकारी चुनाव प्रचार में निषिद्ध गतिविधियों पर निगरानी एवं रिपोर्टिग करेंगे। स्वतंत्र एवं स्वच्छ चुनावों के लिए सबसे महत्वपूर्ण एवं आवश्यक तत्व यह है कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी रूकावट के और किसी अन्य व्यक्ति द्वारा गलत तरीके से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके और इस प्रकार का वातावरण भी बने।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर श्री अरविंद कुमार सेंगवा, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक श्री भोलाराम सहित जिले के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के सैक्टर अधिकारी उपस्थित थे।