कांग्रेस के परिवाद पर भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने परिवाद दर्ज किया

अजमेर 12 अप्रैल । जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में कलर डॉप्लर मशीन की खरीद एवं इंस्टॉलेशन में बरती गई अनियमितता तथा हृदय रोगियों को स्टंट लगाने में किए गए भ्रष्टाचार पर कांग्रेस के परिवाद पर भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने परिवाद दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही शुरु कर दी है।
एसीबी को बुधवार को पत्र प्रेषित करने के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन के निर्देश पर प्रवक्ता मुजफ्फर भारती ने गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक विभाग के पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में कलर डॉप्लर मशीन के इंस्टॉलेशन मैं किए गए भ्रष्टाचार और अनियमितताओं, हृदय रोग विभाग में भामाशाह योजना के तहत हृदय रोगियों को लगाए जा रहे स्टंट के मामले में अस्पताल में हो रहे भ्रष्टाचार का परिवाद प्रस्तुत किया जिस पर एसीबी के पुलिस अधीक्षक ने परिवार दर्ज करने के लिए मुख्यालय भेजने के आदेश दिए। नियमानुसार परिवाद दर्ज होने के बाद प्रथम दृष्टया परिवाद की प्रमाणिकता की जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। कांग्रेस की ओर से जवाहरलाल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य आर के गोखरू, रेडियोलोजी विभाग के विभागाध्यक्ष कलर डॉप्लर मशीन के इंस्टॉलेशन से संबंधित तकनीशियनों लेखाधिकारी तथा कन्वर्जेंस टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के उन अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने हेतु परिवाद प्रस्तुत किया है जिनकी भूमिका कलर डॉप्लर मशीनों की खरीद से लेकर इंस्टॉलेशन और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से अप्रूवल लेने के अनुबंध मे थी।
कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन ने आरोप लगाया कि जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के बिल्कुल नजदीक ही उपवास पर बैठे भारतीय जनता पार्टी के नेता और शहर के दोनों मंत्रियों को काश अस्पताल मैं हर स्तर पर फैली अव्यवस्थाऐं एवं भ्रष्टाचार नजर आ जाता तो शायद यहां की व्यवस्थाओं में कुछ सुधार हो जाता मगर मौकापरस्ती की राजनीति में मदहोश भाजपा और उसके मंत्रियों को कुछ नजर नहीं आ रहा अस्पताल के भ्रष्टाचार और अवस्थाओं से शहर की जनता बेहाल है। उन्होंने कहा कि भाजपा के स्थानीय मंत्रियों को संसद ना चलने से ज्यादा चिंता अजमेर की जनता की होनी चाहिए कि उनको अस्पताल में किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और बेलगाम अस्पताल प्रशासन किस तरह अखंड भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। अस्पताल के डॉक्टर मरीजों को निशुल्क दवा योजना होने के बावजूद बाजार से महंगी कीमतों पर दवाई खरीदने पर मजबूर कर रहे हैं पर भाजपा एवं उसके मंत्रियों की निगाह जनता की चिकित्सा से जुड़ी मूलभूत समस्याओं पर नहीं जा रही।

error: Content is protected !!