राष्ट्रपति से सम्मानित होंगे डॉ.बद्रीप्रसाद पंचोली

राष्ट्रीय हिन्दी सेवी सम्मान के लिए हुआ चयन
अजमेर/विख्यात शिक्षाविद्, वेदविज्ञ एवं साहित्यकार डॉ बद्रीप्रसाद पंचोली को राष्ट्रपति भवन में होने वाले गौरवपूर्ण समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्वारा ‘राष्ट्रीय हिन्दी सेवी सम्मान‘ सम्मानित किया जाएगा। डॉ पंचोली को यह सम्मान उनके मानविकी और कला, संस्कृति एवं विचार की भारतीय चिन्तन परम्परा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दीनदयाल उपाध्याय पुरस्कार के तहत दिया जाएगा। भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अन्तर्गत कार्यरत केन्द्रीय हिन्दी संस्थान आगरा के निदेशक डॉ नन्दकिशोर पाण्डेय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर घोषित कुल 26 विद्वानों की सूची में राजस्थान से डॉ पंचोली का चयन किया गया है।
यह जानकारी देते हुए साहित्यकार उमेश कुमार चौरसिया ने बताया कि डॉ बद्रीप्रसाद पंचोली राजस्थान साहित्य अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष भी रहे हैं और राजस्थान संस्कृत अकादमी, बृजभाषा अकादमी, हिन्दी परिषद्, संस्कृत परिषद् और वेद संस्थान के साथ भी अनेक वर्षाें तक संस्कृत व हिन्दी भाषा और साहित्य की सेवा में जुटे रहे हैं। भाषा और साहित्य के प्रति अमूल्य योगदान के लिए विविध भाषा और साहित्य अकादमियों द्वारा उन्हें कई बार राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। नाटक, काव्य, कथा, लघुकथा, निबन्ध, बाल साहित्य इत्यादि सभी विधाओं में 150 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं। डॉ पंचोली ने भाषा विज्ञान, लोकोपयोगी चिन्तन, गांधीवादी चिन्दन, शोधग्रंथ, आलोचना साहित्य, वेद चिन्तन इत्यादि विषयों पर भी अनेक कृतियों की रचना के साथ शब्दावली कोश के पाँच भागों का सम्पादन का दुरूह एवं बहुउपयोगी कार्य भी किया है। अनेक पुस्तकें विश्वभर के कई शिक्षा बोर्ड और विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जा रही हैं। डॉ पंचोली जी के कृतित्व पर देश-विदेश के कई विश्वविद्यालयों में शोध हुए हैं और आज भी हो रहे हैं।
-उमेश कुमार चौरसिया
प्रान्त उपाध्यक्ष,
अखिल भारतीय साहित्य परिषद् राजस्थान
9829482601

error: Content is protected !!