अजमेर, 27 जुलाई 2018 राजस्थान महिला कल्याण मण्डल संस्था द्वारा सेन्स इन्टरनेशनल इण्डिया के सहयोग से बधिरान्धता पर सर्व शिक्षा अभियान के सन्दर्भ शिक्षको एवं प्रधानाध्यापकों हेतु राज्य स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन संस्था परिसर चाचियावास में किया गया।
प्रशिक्षण के उद्घाटन में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक श्री दिनेश कुमार ओझा (आई. डी. समन्यवक श्री दिनेश कुमार सैनी) ने शिरकत करते हुए कहा कि आज गुरु पूर्णिमा का पवित्र दिन हैं और इस मौके पर हम सब यहाँ नेक कार्य हेतु प्रशिक्षण प्राप्त करने आये है। आप लोगों को प्रशिक्षण के दौरान जो कुछ भी सीखाया जाता हैं उसे हम उपयोग में ले और अधिक से अधिक लोगों तक यह जानकारी साझा करे जिससे बधिरान्ध बच्चों को पहचाना जा सके और उन्हे स्पर्श जैसी संस्थाओं से जोड़कर मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जा सके।
प्रशिक्षण के प्रारम्भ में संस्था के शिक्षा उपनिदेशक श्री तरुण शर्मा ने संस्था के कार्यो की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था अप्रेल 2017 से बधिरान्ध बच्चों के साथ भी सेन्स इन्टरनेशनल के सहयोग से कार्य शुरु किया हैं जिसमें अजमेर जिले के 20 बच्चों को नियमित सेवाएं दी जा रही है।
इसके पश्चात सेन्स इन्टरनेशनल के प्रतिनिधि सुश्री कल्याणी जाधव और दीपक कृष्णा शर्मा ने बधिरान्धता के कारण, प्रकार और उनके साथ किस तरह से कार्य किया जा सकता है, सम्मिलित शिक्षा में बधिरान्ध बच्चों के साथ क्या पाठ्यक्रम में बदलाव किया जाना चाहिए इसको लेकर विस्तार से चर्चा की।
सहभागियों को ब्लाइन्ड फोल्ड पहनाकर उन्हे बधिरान्धता का एहसास भी करवाया गया। प्रशिक्षण में अजमेर के केकड़ी, जवाजा, अरांई, पींसागन, भिनाय, किशनगढ़ आदि ब्लॉकों से लगभग 25 शिक्षको ने प्रशिक्षण में भाग लिया।