स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बारादरी पर किया श्रमदान

अजमेर 15 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शनिवार को अजमेर के आईकॉनिक स्थल बारादरी पर समस्त जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, बच्चों एवं आमजन ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। यह अभियान आगामी 2 अक्टूबर तक चलेगा।

आनासागर किनारे स्थित बारादरी पर शनिवार प्रातः नगर निगम के महापौर श्री धर्मेन्द्र गहलोत, जिला कलक्टर आरती डोगरा, प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम के पार्षद, स्कूली बच्चे एवं आमजन श्रमदान में जुट गए और देखते ही देखते परिसर को साफ-सुथरा बना दिया।

इस मौके पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत हाल ही खरीदी गई डीविडिंग मशीन ने भी आनासागर झील में आए कचरे को उठाकर झील से बाहर निकाला। महापौर, जिला कलक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ में जब झाडू दिखे तो आमजन भी स्वच्छता के प्रति जागरूक हुए और उन्होंने भी अपने-अपने मौहल्ले को साफ करने का प्रण लिया।

इस मौके पर स्वायत शासन विभाग के उप निदेशक श्री किशोर कुमार, दरगाह नाजीम श्री आई.बी.पीरजादा, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री अबु सूफियान चौहान, नगर निगम के अधिकारीगण सहित स्कूली बच्चे एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

error: Content is protected !!