अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज

संतों के स्वागत में झूम उठे श्रावक-श्राविकाएं, महिलाओं ने किया बैंड वादन, जैन धर्म के जयकारों से गूंजी दादाबाड़ी
ब्यावर,12 जनवरी। श्री जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ के सानिध्य में आयोजित श्री संभवनाथ भगवान के भव्य अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को दादाबाड़ी में धूमधाम से हुआ। गणाधीश पंन्यासप्रवर विनयकुशलमुनि महाराज की निश्रा में अहमदाबाद से आए मुख्य अतिथि ललितकुमार कांस्टिया ने ध्वाजारोहण कर महोत्सव का आगाज किया। इससे पूर्व मंगल प्रवेश के दौरान संत-भगवंतों का पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत किया गया।
संयोजक सुरेश कांकरिया ने बताया कि सुबह पीपलिया बाजार स्थित शांतिनाथ जैन मंदिर से वरघाेड़ा प्रारंभ हुआ। यहां से गाजे-बाजे के साथ प्रस्थान कर पाली बाजार मंदिर, भारत माता सर्किल, सूरजपोल गेट होते हुए दादाबाड़ी पहुंचे। यहां संत विनयकुशलमुनि महाराज, नंदीषेणमुनि, विरागमुनि, भव्यमुनि, हर्षयशा श्रीजी, गुणरंजना श्रीजी, मधुस्मिता श्रीजी, मुक्तांजना श्रीजी, अमृतांजना श्रीजी, मोक्षांजना श्रीजी, मोक्षरतना श्रीजी, सुरक्षांजना श्रीजी, विरतीयशा श्रीजी, विनम्रयशा श्रीजी, विधिरत्ना श्रीजी, हर्षयशा श्रीजी व मनोहर श्रीजी सहित कई संतों-साध्वियों का दादाबाड़ी में मंगल प्रवेश हुआ। संतों के आगमन पर कुशल महिला मंडल की सदस्याओं ने सुमधुर बैंड वादन किया। सिर पर मंगल कलश धारण कर संतों की अगवानी की। आंगन में गवली रंगोली सजाई। जयकारों के बीच वातावरण भक्तिमय हो गया। संतों के स्वागत में श्रावक-श्राविकाएं झूम उठे। वरघोड़ा में संघ अध्यक्ष सतीश मेड़तवाल, मंत्री महेंद्र छाजेड़, प्रेमचंद कांकरिया, राकेश भंडारी, राकेश डोसी, मितेश चौपड़ा, कमल श्रीश्रीमाल, रेणु चौपड़ा, श्वेता बरड़िया, मालती मेड़तवाल, सुषमा मेड़तवाल, सुशीला कोठारी, मीना बोहरा, बलवंत रांका सहित संघ सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

महिलाओं ने किया ज्वारारोपण
कुशल महिला मंडल अध्यक्ष निशा चौपड़ा के साथ महिलाओं व कन्याओं ने ज्वारारोपण कर महोत्सव की शुरूआत की। सुरेशचंद कांकरिया परिवार जिन कुशल गौतम प्रसादी मंडल का उद्घाटन किया। चंपालाल पन्नालाल बोहरा ने कुंभ कलश स्थापित किया। पारसकुमार सतीशकुमार मेड़तवाल ने दीपक स्थापना कर वैदि पूजन पर परमात्मा की स्थापना की। ममता कोठारी परिवार ने पंच कल्याणक पूजन किया।

लाभार्थी परिवार का बहुमान
प्रथम दिन की नवकारसी व स्वामीवात्सल्य के लाभार्थी का कार्यक्रम में बहुमान किया गया। विजयकुमार कांकरिया, सुरेश कांकरिया को साफा पहनाकर एवं सुनीता कांकरिया व मधु कांकरिया को शॉल ओढ़ाकर बहुमान किया गया।

आज के कार्यक्रम
रविवार को प्रात: 9 बजे श्रावस्त्थी नगरी राजदरबार का उद्घाटन होगा। इसमें भगवान संभवनाथ के पंच कल्याणक का सजीव मंचन किया जाएगा। साथ ही महापूजन, धार्मिक अनुष्ठान व भक्ति कार्यक्रम होंगे। इसके बाद माणक स्तम्भ आरोहण, तोरण बांधना व दस दिशपाल पूजन होगा। 9.30 बजे अष्टमंगल पूजन, 10 बजे नवग्रह पूजन, 10.30 बजे लघुनन्दावृत पूजन, 10.45 बजे सोलह विद्यादेवी पूजन, 11 बजे भैरव पूजन, 11.15 बजे क्षेत्रपाल पूजन, 11.30 बजे लघुसिद्ध चक्र पूजन व बीस स्थापना पूजन होगा। दोपहर 2 बजे शांतिधारा अभिषेक होगा। सायं 7.30 बजे से कुशल महिला मंडल व अन्य कलाकार भक्ति कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे।

error: Content is protected !!