सरवाड़ पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर मंडराए खतरे के बादल

केकड़ी 2 मार्च।
सरवाड़ नगर पालिका के अध्यक्ष विजय कुमार लड्ढा के खिलाफ उन्हीं की पार्टी के पार्षदों ने एक बार फिर से जंग छेड़ दी है। पिछले तीन सालों से असंतुष्ट चल रहे पार्षदों ने इस बार पालिकाध्यक्ष लड्ढा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए अजमेर जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा है। भाजपा पार्षदों के लामबंद होने से पालिकाध्यक्ष की मुश्किलें जरूर बढ़ गई है, लेकिन उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो पायेगा या नहीं अभी यह कहना मुश्किल है क्योंकि पालिकाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है। जबकि सरवाड़ नगर पालिका में पार्षदों की संख्या के हिसाब से जब तक भाजपा पार्षदों को कांग्रेस के पार्षदों के समर्थन नहीं मिल जाता तब तक अविश्वास प्रस्ताव पारित होना सम्भव नहीं है। सरवाड़ नगर पालिका में कुल 20 निर्वाचित पार्षद हैं जिनमें से भाजपा के पालिकाध्यक्ष विजय कुमार लड्ढा सहित 12 पार्षद हैं शेष 8 पार्षद कांग्रेस के हैं। पालिका अधिनियम के तहत अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए 20 में से 15 पार्षदों का एक मत होना जरूरी है। ऐसी स्थिति में पालिकाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए भाजपा को कांग्रेस के 4 पार्षदों के मत की आवश्यकता पड़ेगी। प्रश्न यह है कि क्या कांग्रेस के पार्षद अपना समर्थन देंगे, यह सर्वविदित है कि कांग्रेस के पार्षद बिना क्षेत्रीय विधायक की मंशा के यह कदम नहीं उठा सकते, क्या क्षेत्रीय विधायक डॉ रघु शर्मा इसकी इजाजत देंगे ? खैर जो भी हो फिलहाल भाजपा पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यह अलग बात है कि उन्हें इसमें कितनी सफलता मिलेगी, यह तो वक्त ही बताएगा ! उल्लेखनीय है कि सरवाड़ नगर पालिका के भाजपा के पार्षद पिछले तीन सालों से पालिकाध्यक्ष लड्ढा की कथित मनमानी से असंतुष्ट चल रहे हैं, ये सभी पार्षद विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में भाजपा सरकार के दौरान भी पालिकाध्यक्ष के खिलाफ उन्हें कुर्सी से हटाने के लिए कई दिनों तक धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। भाजपा पार्षदों ने भाजपा के जिलाध्यक्ष से लेकर प्रदेशाध्यक्ष व भाजपा विधायक से लेकर मुख्यमंत्री तक पालिकाध्यक्ष की मनमानी व कारगुजारियों की शिकायत की थी, लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी। अब फिर से इन पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष के खिलाफ जंग छेड़ी है, इन पार्षदों का कहना है कि इस बार पालिकाध्यक्ष विजय कुमार लड्ढा को कुर्सी से हटा कर ही दम लेंगे। पालिका के उपाध्यक्ष अजय कुमार पारीक की अगुवाई में जिला कलक्टर को 11 भाजपा पार्षदों के हस्ताक्षर युक्त सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव पत्र में पालिकाध्यक्ष पर मनमानी करने, बोर्ड की बैठक नियमानुसार समय पर नहीं बुलाने, बोर्ड की बैठक में अपने स्तर पर ही प्रस्ताव पारित करने, पालिका हितों के विपरीत गैर संवैधानिक आचरण करने जैसे गम्भीर आरोप लगाए हैं। जबकि पालिकाध्यक्ष विजय कुमार लड्ढा का कहना है कि उन पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। यह सब दबाव की राजनीति है, कुछ पार्षद मुझे दबाव में लेकर अपने गलत कार्य करवाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी उनकी झूंठी शिकायतें हो चुकी है, मुझे किसी प्रकार का डर नहीं है।

error: Content is protected !!