श्री श्याम मंदिर में तीन होंगे कई आयोजन

ब्यावर, 15 मार्च। शहर के फतेहपुरिया चौपड़ स्थित श्री श्याम मंदिर में विराजित खाटू नरेश का तीन दिवसीय फागण महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को होगा। श्री श्याम परिवार की ओर से बाबा का भव्य मेला धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 16 से 18 मार्च तक कई आयोजन होंगे। सुमित सारस्वत ने बताया कि महोत्सव की शुरूआत शनिवार की सुबह श्री श्याम पूजा से होगी। मंदिर प्रमुख सुनील कौशिक श्याम भक्तों के साथ पूजा-अर्चना कर महोत्सव का आरंभ करेंगे। दोपहर 12.15 बजे से अखंड ज्योत पाठ होगा। दूसरे दिन रविवार को एकादशी मेला आयोजित किया जाएगा। प्रात: 8 बजे से भव्य कलश व निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा फतेहपुरिया चौपड़ स्थित श्री श्याम मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होते हुए पुन: मंदिर पहुंचेगी। यहां दोपहर 12.15 बजे से बाबा का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसी दिन रात्रि 8 बजे से विशाल फाग महोत्सव का आयोजन होगा। जिसमें के.सुदामा भजन मंडल की ओर से सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। बाबा का नयनाभिराम श्रृंगार कर भव्यातिभव्य दरबार सजाया जाएगा। सोमवार को प्रातः 7 बजे से बाबा की ज्योत दर्शन व प्रसाद वितरण होगा। सायं 7 बजे 21 हजार बत्तियों से महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात 7.30 बजे से भजन संध्या में श्री श्याम परिवार की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। महोत्सव को लेकर मंदिर को आकर्षक रूप में सजाया गया है। शुक्रवार को मुकेश गर्ग, दिलीप खत्री, विकास शर्मा, सुनील सिंहल, निशांत मंगल, मनोज शर्मा, गौरव गर्ग, विजय मंडोरा, चर्चित मंगल, राकेश प्रजापति, अशोक गोयल, पुनीत बंसल, संस्कार मंगल, देवेश गर्ग, मयंक सिंहल, उत्तम गर्ग, मनोज अग्रवाल व अन्य सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

error: Content is protected !!