श्याम के स्वागत में बिछाए पलक-पावड़े

एकादशी पर भक्तों के द्वार पहुंचे भगवान, श्याम भक्तों ने निकाली भव्य शोभायात्रा
ब्यावर, 17 मार्च। खाटू की तरह ब्यावर में भी कलयुग अवतारी बाबा श्याम का लक्खी मेला रविवार को धूमधाम से मनाया गया। भगवान निज धाम से प्रस्थान कर नगर भ्रमण करते हुए भक्तों के द्वार पहुंचे। एकादशी पर दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रमों में भक्तों ने उत्साह से भाग लेकर पूजा-अर्चना की।
सुमित सारस्वत ने बताया कि श्री श्याम मंदिर में आयोजित दसवां रंगीला फागण महोत्सव के तहत सुबह विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। मंदिर प्रमुख सुनील कौशिक व हेमेंद्र कौशिक ने अखण्ड ज्योत प्रज्जवलन व निशान पूजा के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा में आगे सुमधुर बैंड, 21 ध्वज निशान, 151 कलश, बाबा का रथ, भजन मंडली सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरूष श्रद्धालु भजन गाते चल रहे थे। यह यात्रा फतेहपुरिया चौपड़ स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर महादेवजी की छत्री, भारत माता सर्किल, पाली बाजार, सरावगी मोहल्ला, भगत चौराहा, अजमेरी गेट होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर भक्तों ने श्याम प्रभु का पूजन व आरती की। अखण्ड ज्योत के दर्शन कर मनोकामना की। खाटू नरेश व लखदातार के जयकारों से शहर गुंजायमान हो गया। शोभायात्रा में मुकेश कौशिक, मुकेश गर्ग, अशोक गोयल, राकेश प्रजापति, अनिरुद्ध शर्मा, कौशल्या कौशिक, मोनिका कौशिक, साधना सारस्वत, निशा गर्ग, डॉली सक्सेना, मनीषा गर्ग, श्याम पारीक, दिलीप खत्री, सुनील सिंहल, मुकेश गुप्ता, घनश्याम गर्ग, सुरेश गर्ग, पिंटू बंसल, मुकेश मंगल, पुनीत बंसल, प्रियांशु गर्ग सहित सैंकड़ों श्याम भक्त शामिल हुए। पंडित विकास शर्मा व मनोज शास्त्री ने बाबा का श्रृंगार कर विशेष आरती की। रात्रि में विशाल भजन संध्या व भव्य फाग महोत्सव का आयोजन हुआ। इसमें के.सुदामा भजन मंडल की ओर से देर रात तक भजनों की प्रस्तुति दी गई।
प्राण प्यारे का पंचामृत अभिषेक
शोभायात्रा के बाद भक्तों ने श्याम प्रभु का पंचामृत अभिषेक किया। मंत्रोच्चार के बीच बाबा के शीश का पूजन कर मनोकामना की। पूजा में गौरव कौशिक, विनेश कौशिक, अंकुर मित्तल, सौरभ सक्सेना, गौरव गर्ग, चर्चित मंगल, संस्कार मंगल, उत्तम गर्ग व कई भक्तों ने भाग लिया।
होली रसिया फाग आज
तीन दिवसीय महोत्सव के तहत सोमवार को सायं 7 बजे भक्त लखदातार की महाआरती करेंगे। इससे बाद रात्रि 8 बजे से होली रसिया फाग का आयोजन होगा। इसमें श्री श्याम परिवार की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। भक्त श्याम प्रभु के साथ रंग-बिरंगे फूलों से होली खेलेंगे।

error: Content is protected !!