अजमेर। यूआईटी में लगे प्रशासन शहरों की ओर शिविर के दौरान रामगंज मीणा कॉलोनी के नियमन को लेकर राजस्थान आदिवासी मीणा महासभा के अध्यक्ष प्रकाश मीणा ने न्यास अधिकारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। मीणा ने न्यास अध्यक्ष नरेन शाहनी को भी नहीं बक्शा। मीणा ने शाहनी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मीणा कॉलोनी, रामगंज के नियमन की फाइल कई वर्षों से आपके कार्यालय में लम्बित पड़ी है। कई बार कार्यवाही का आग्रह किया गया लेकिन जमीन को कस्टोडियन बताया गया। अब यह स्पष्ट हो गया है कि जमीन का एक मात्र हक नगर सुधार न्यास का है, इसमें किसी का कोई विवाद या हक नहीं। कॉलोनी के लोगों ने सभी फाइलों का नियमन कर उचित शुल्क पर पट्टा जारी करने की मांग की। वहीं प्रगति नगर विकास समिति जवाहर की नाड़ी, ब्यावर रोड के बाशिंदों ने न्यास अध्यक्ष शाहनी से दस्तावेज और खसरों की विसंगतियों के मद्देनजर ऐसे मामलों में लचीला रुख अपना कर यथास्थान काबिज लोगों को पट्टे देने की मांग की है।
