पंचायतराज आम चुनाव 2020 : मतदाता मोबाइल फोन लेकर मतदान केन्द्र पर नही जा सकेगा

अजमेर, 06 मार्च। पंचायतराज आम चुनाव 2020 के तहत पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण में सरपंच एवं वार्ड पंचों का मतदान 15 मार्च को होगा। मतदान केन्द्र पर कोई मतदाता मोबाइल फोन लेकर मतदान केन्द्र में प्रवेश नहीं कर सकेगा। सभी अधिकारी टीम भावना से कार्य करें।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कैलाश चंद शर्मा ने शुक्रवार को सायं कलेक्ट्रेट सभागार में एरिया, सैक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर मतदान दलों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहे। इसके लिए अधिकारी पूर्व में ही समस्त मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन आवश्यक रूप से कर लें। मतदान दिवस पर कोई मतदाता मोबाइल फोन लेकर मतदान कक्ष में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

उन्होंने कहा कि मतदान दल 14 मार्च को प्रशिक्षण के लिए पोलोटेक्निक पहुंचेंगे। वहां प्रशिक्षण के उपरान्त मतदान दलों की रवानगी शुरू हो जाएगी। सभी मतदान केन्द्रों पर सायं तक मतदान दल पहुंच जाएंगे। उन्होंने सभी जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे आदर्श आचार संहिता की पालना एवं मतदान दिवस से पूर्व की जाने वाली तैयारियां समय पर करवा लें। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे। सभी अधिकारी अपने -अपने कार्यक्षेत्र पर मुश्तैद रहें। इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरते। उन्होंने बताया कि मॉक पोल प्रारम्भ होने की सूचना समय पर देवें तथा मतदान प्रतिशत की सूचना भी समय पर देते रहे। समस्त जोनल मजिस्ट्रेट निरन्तर भ्रमण पर रहे तथा स्थिति पर नजर रखे।

उन्होंने कहा कि मतदान वाले दिन मतदान केन्द्र से 100 मीटर की परिधि में किसी प्रकार का प्रचार संबंधी कार्य नहीं हो यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शराब की बिक्री उस दिन नहीं हो इसको सख्ती से निपटे। उन्होंने कहा कि फॉर्म नम्बर 5 में अंकित प्रत्याशी के नाम एवं चुनाव चिन्ह से मतपत्र में अंकित नाम एवं चुनाव चिन्ह समान होने चाहिए। इसमें किसी प्रकार कर अन्तर ना हो यह भी सुनिश्चित कर लिया जाए।

बैठक में उपखण्ड अधिकारी श्रीमती अर्तिका शुक्ला ने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से अपने कर्तव्यों का निवर्हन करें। मतदान दल के सदस्य किसी का आतिथ्य स्वीकार नहीं करें। जोनल मजिस्ट्रेट सम्पूर्ण जानकारी रखें तथा किसी भी समस्या के लिए उपखण्ड कार्यालय से सम्पर्क कर सकते है। जो भी मतदाता 5 बजे तक मतदान केन्द्र परिसर में आ जाता है उसे मतदान करवाया जाना है।

इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री अरविंद सेंगवा, नगर निगम के उपायुक्त श्री अशोक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार, आरएएस प्रशिक्षु श्री सुरेश विश्नोई सहित समस्त जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस उप अधीक्षक उपस्थित थे।

error: Content is protected !!