अजमेर 18 मार्च। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बोर्ड परीक्षा-2020 से जुडे अपने परीक्षार्थियों को कोरोना वाइरस से सुरक्षित रखने की दृष्टि से कई निर्णय दिये है। राज्य के 5685 परीक्षा केन्द्रों को केन्द्र पर हैण्डवॉश और सैनेटाइजर रखने के लिये बोर्ड स्तर पर विशेष राशि दिया जाने के आदेश जारी किये है। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था एक परीक्षार्थी से दूसरे परीक्षार्थी के बीच एक मीटर की दूरी यथा संभव रखने जाने के भी निर्देश जारी किये गये है।
बोर्ड सचिव श्रीमती मेघना चौधरी ने बताया कि यदि किसी परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों के मध्य एक मीटर की दूरी रखने पर जगह की कमी हो तो पुस्तकाल्य, ओडिटोरियम और विद्यालय की प्रयोगशाला को भी परीक्षा कक्ष के रूप में काम में लिया जा सकता है। उन्होंने राज्य के जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी परिपत्र में निर्देश दिये है कि परीक्षा अवधि में प्रत्येक परीक्षा कक्ष की सफाई सुनिश्चित की जाये। परीक्षार्थियों को अत्याधिक खांसी, जुकाम और बुखार से पीडित होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर परामर्श लेने हेतु निर्देशित किया जाये। ऐसे परीक्षार्थियों को रूमाल और टीशू पेपर भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाये। परीक्षा केन्द्र के दौरान वीक्षण कार्य से जुडे शिक्षक भी अपना चेहरा, मास्क, रूमाल अथवा कपडे़ से ढक कर रखे। परीक्षार्थियों को आपस में हाथ मिलाने के स्थान पर नमस्ते करने हेतु प्र्रेरित करे।
श्रीमती चौधरी ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर हैण्डवॉश और सैनेटाइजर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये बोर्ड के उडनदस्तों को भी निर्देशित किया है कि वे कोरोना वाइरस से बचाव के लिये परीक्षा केन्द्राधीक्षकों को जागरूक करे। अत्याधिक खांसी, जुकाम और बुखार से पीडित परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था अलग से की जाये।
उप निदेषक (जन सम्पर्क)