विधायक कोष से जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराए – देवनानी

अजमेर, 9 अप्रेल।
विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को जिला कलक्टर से वार्ता कर उनके विधायक कोष से अभिशंषित 15 लाख रूपये से क्षेत्र के गरीब व जरूरतमंद लोगों को खाद्य सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए कहा।
देवनानी ने कहा कि लाॅकडाउन से उत्पन्न परिस्थितियों में क्षेत्र के गरीब लोगों व बेरोजगार हुए मजदूरों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने अपने विधायक कोष से 15 लाख की राशि दी थी परन्तु प्रशासनिक ढ़िलाई के चलते विधायक कोष की राशि से जरूरतमंद लोगों को अभी तक राशन नहीं मिल पाया है। उन्होनंे बताया कि यह राशि आज से 8 दिन पूर्व स्वीकृत की गई थी। इसी प्रकार इससे पूर्व विधायक कोष से 5 लाख की राशि अस्पतालों में आवश्यक उपकरणों हेतु दी गई थी जिस पर भी अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
उन्होंने जिला कलक्टर से यह भी कहा कि जिस प्रकार प्रशासन ने रिटेल दुकानों पर सामग्री की दरे तय की है उसी प्रकार थोक व्यापारियों की दरे भी तय की जानी चाहिए। जब तक थोक व्यापारी उचित दर पर दुकानदार को सामग्री नहीं देगा तब तक दुकानदार निर्धारित दर पर जनता को खाद्य सामग्री कैसे उपलब्ध करा पाएगा। वर्तमान में हालात यह है कि थोक में अधिक दाम पर खरीदी गई सामग्री को प्रशासन द्वारा निर्धारित दर पर बेचने पर दुकानदार को नुकसान होता है जिससे कई दुकाने बन्द है तथा जनता परेशान हो रही है।
देवनानी ने जिला कलक्टर से राशन वितरण हेतु कराये गये सर्वे में गरीबों व जरूरतंद लोगों को वंचित रखने वाले बीएलओं की सूचियों की जांच कराने की मांग भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनैतिक दबाव डालकर बीएलओं से तैयार करवाई गई सूचियों में कई गरीब सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये राशन से वंचित रह गये जबकि वास्तव में उनकी स्थिति दयनीय है । उन्होंने कहा कि प्रशासन को एसे वंचित लोगों को भी राशन सामग्री तत्काल उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी चाहिए।
देवनानी ने जिला कलक्टर से नगर निगम द्वारा क्षेत्र में कराये जा रहे निःशुल्क भोजन वितरण को रोके जाने से क्षेत्र में उत्पन्न रोष के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि गरीब व जरूरतमंद लोगों को वितरित किया जा रहा भोजन अचानक बन्द किये जाने से उनके सामने संकट उत्पन्न हो गया है। इस सम्बंध में शहर के सभी पार्षदों ने भी कलेक्ट्रेट पर विरोध दर्ज कराया है। इस सम्बंध में जिला कलक्टर ने कहा कि शहर में भोजन वितरण की व्यवस्था पुनः प्रारम्भ करा दी जाएगी।
देवनानी ने बताया कि जिला कलक्टर ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिये है कि विधायक कोष से गरीबों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए तत्काल आवश्यक कार्यवाही करे। कलक्टर ने इसके लिए नगर निगम को नोडल एजेंसी नियुक्त किया है तथा विधायक की अनुशंषा पर तुरन्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिये है।

error: Content is protected !!