इलाज के बावजूद डाॅक्टर को धमकाया; एफआईआर दर्ज

अजमेर, 2 मई( )। रोगी को उपचार का सही परामर्श देने के बावजूद रोगी के पुत्र द्वारा अजमेर संभाग के एक मात्र किडनी रोग विषेशज्ञ डाॅ रणवीरसिंह चौधरी को मोबाइल फोन पर काॅल कर धमकाने और व्हाट्सएप पर अनुचित व अभद्र टिप्पणियां कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस, अजमेर ने धर्मेन्द्र भोजवानी नामक एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
चिकित्सक डाॅ चौधरी ने पुलिस को दी प्राथमिक रिपोर्ट में बताया कि युवक धर्मेन्द्र भोजवानी के पिता भगवानदास उन्हें 1 मई को सुबह आउट डोर रोगी परामर्श समय में मित्तल हाॅस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर अजमेर में दिखाने आए थे। वे मधुमेह रोग से पीड़ित थे तथा कमजोरी महसूस करना बता रहे थे। रोगी भगवानदास को आशंका थी कि मधुमेह रोगी होने के कारण कहीं उनकी किडनी खराब तो नहीं हो गई। लिहाजा उनकी किडनी व रक्त से संबंधित विविध जांच करा कर रिपोर्ट आने पर उन्हें देखकर ही उपचार शुरू किए जाने की सलाह दी गई। सांय कालीन ओपीडी के समय रोगी की जांच रिपोर्ट देखने पर पाया गया कि उन्हें किडनी रोग विशेषज्ञ के देखरेख में भर्ती रोगी के रूप में उपचार की कतई जरूरत नहीं है। उन्हें परामर्श दिया गया कि उनकी किडनी अपना काम अच्छे से कर रही है। इसलिए वे अपने नियमित फिजीशियन की सलाह पर अपनी मधुमेह की दवाइयां ही लेते हुए घर पर विश्राम करें। डाॅ चौधरी ने एफआईआर में बताया कि रोगी ने यह जानने के बाद कि उनकी किडनी सही है और सही काम कर रही है खुशी जाहिर की थी एवं उन्हें धन्यवाद भी दिया था।
डाॅ रणवीर ने एफआईआर में पुलिस को जानकारी दी कि एक मई को रात्रि करीब आठ बजे उनके मोबाइल पर काॅल कर रोगी भगवानदास के बेटे धर्मेन्द्र भोजवानी ने अभद्रता से बोलते हुए कहा कि उनके पिताजी भर्ती होकर जांच कराने आए थे लेकिन उन्होंने उन्हें आउटडोर रोगी के आधार पर जांचें कर दीं। रोगी के पुत्र ने फोन पर ही गालियां देना शुरू कर दिया। कोर्ट में घसीटने और सोशल मीडिया पर बदनाम कर कॅरियर चौपट करने की धमकी देने लगा।
डाॅ चौधरी ने इससे आहत होकर एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया है कि इस घटना से वे स्वयं और उनका परिवार अपने आपको मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहा है। यदि वे सही और स्वस्थ रहकर अपना दायित्व नहीं निभा पाएंगे तो किडनी के मरीजों का उपचार प्रभावित हो जाएगा।

मुकदमा दर्ज किया गया है-
किडनी रोग विशेषज्ञ डाॅ रणवीरसिंह चौधरी की रिपोर्ट पर आरोपित के खिलाफ विविध धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। चिकित्सक के फोन काॅल और व्हाट्सएप संदेश को बतौर साक्ष्य जांचा जा रहा है। अनुसंधान जारी है।
दिनेश कुमावत( थानाप्रभारी) /क्रिश्चियनगंज थाना, अजमेर

error: Content is protected !!