शहर की पेयजल वितरण व्यवस्था में तत्काल हो सुधार

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 6 जुलाई। अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने बुधवार को नवनियुक्त जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित से मुलाकात कर शहर की पेयजल वितरण व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभी तीन-चार दिन में पेयजल वितरण किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
देवनानी ने कलेक्टर से कहा कि शहर की पेयजल वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए भाजपा शासन के दौरान सरकार ने 90 करोड़ रूपए दिए थे। इसके अतिरिक्त स्मार्ट सिटी प्रोजेक्टर के तहत 30 करोड़ रूपए भी दिलवाए गए थे। उस वक्त जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया था कि इतनी बड़ी राशि से शहर की पेयजल व्यवस्था में सुधार होगा और नागरिकों को 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन वर्तमान में 48 घंटे में भी लोगों को पेयजल नहीं मिल पा रहा है। अनेक क्षेत्रों में 72 घंटे के अंतराल से पेयजल वितरित किया जा रहा है। शहर में पेयजल वितरण करने का कोई समय निश्चित नहीं है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
देवनानी ने कहा कि शहर के अधिकांश हैंडपम्प भी खराब पड़े हुए हैं। किसी के वाल्ब खराब हो रहे हैं, तो किसी में बिल्कुल भी जान नहीं है। काफी मशक्कत के बाद भी हैंडपम्पों से पानी नहीं निकलता है। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि शहरभर में हैंडपम्प तत्काल प्रभाव से ठीक कराए जाने चाहिए, जिससे लोगों को पानी की किल्लत से राहत मिल सके। कलेक्टर ने देवनानी का भरोसा दिलाया कि जल्द ही शहर की पेयजल वितरण व्यवस्था में सुधार कराया जाएगा और खराब हैंडपम्पों की मरम्मत कराकर उन्हें ठीक कराया जाएगा।
देवनानी ने कलेक्टर से कहा कि लाॅकडाउन के दौरान जिन होटलों को अधिग्रहित किया गया था, उन्हें 260 रूपए प्रतिदिन के हिसाब से राशि दी जा रही है, जो कि बहुत ही कम है। जबकि जोधपुर और उदयपुर में इससे कई गुणा ज्यादा राशि दी जा रही है। उन्होंने होटल मालिक एसोसिएशन की तरफ से ज्ञापन भी दिया, जिसमें इस राशि में जोधपुर और उदयपुर की तर्ज पर बढ़ोतरी करने की मांग की गई है।
विधायक कोष के कामों को मिले गति
देवनानी ने कलेक्टर से कहा कि विधायक कोष से डेढ़-दो साल पहले स्वीकृत कामों को गति दी जानी चाहिए। यह काम अभी बंद पड़े हैं। इन कामों में से किसी में जमाबंदी नहीं होने तो, किसी में पटवारी की रिपोर्ट नहीं होने की बात कहकर अड़चन डाली जा रही है। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि इन सभी अड़चनों को जल्द से जल्द दूर कराकर काम शुरू कराए जाने चाहिए। यह काम उन क्षेत्रों के लिए स्वीकृत किए गए थे, जहां 40-40 साल से लोग रह रहे हैं। इस पर भी कलेक्टर ने सभी संबंधित पक्षों से जानकारी लेकर जल्द काम शुरू कराने का भरोसा दिलाया।
स्मार्टसिटी के काम को भी मिले गति
देवनानी ने कलेक्टर से स्मार्टसिटी के कामों को भी गति देने को कहा। उन्होंने कहा कि साइंस पार्क के काम को जल्द से जल्द पूरा कराया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य को भी गति दी जानी चाहिए।
धोबियों को परिवार किट बांटे
देवनानी ने बुधवार को कड़क्का चैक स्थित धोबी मोहल्ले में करीब 60 परिवारों को कोरोना से बचाव के लिए परिवार किट बांटे। इसमें दो-दो मास्क, सेनिटाइजर, हाथ धोने का साबुन आदि हैं। उन्होंने इन सभी परिवारों से कोरोना से बचाव के लिए मेल-मुलाकात और खरीददारी के दौरान उचित दूरी करने का आग्रह किया।

error: Content is protected !!