जिला कलक्टर ने किया स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान

अजमेर, 9 अगस्त। जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने आज स्वतंत्रता सैनानी श्री किशन अग्रवाल एवं श्री शोभाराम गहरवार का उनके घर पर जाकर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आप सदैव समाज के लिए आदर्श रहेंगे। जिला कलक्टर ने उन्हें मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की ओर से अभिनंदन पत्र सौंपकर शॉल ओढ़ाया।
राज्य में कोरोना महामारी के चलते इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह को सीमित रखने का निर्णय लिया गया है। इन्हीं निर्णयों के तहत इस बार स्वतंत्रता सैनानी भी मुख्य समारोह में नहीं रहेंगे। राज्य सरकार ने निर्देश दिए हैं कि स्वतंत्रता सेनानियों को उनके घर जाकर अभिनंदन पत्र सौंपा जाए।
जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने आज स्वतंत्रता सैनानी श्री किशन अग्रवाल के होलीदड़ा स्थित आवास तथा श्री शोभाराम गहरवार के जादूघर स्थित आवास पर जाकर उन्हें मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की ओर से अभिनंदन पत्र सौपा। दोनों स्वतंत्रता सेनानियों का शॉल ओढ़ा कर अभिवादन किया गया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर श्री राजपुरोहित ने कहा कि आप समाज के आदर्श हो। समाज सदा आपका ऋणी रहेगा। आप ने जो आदर्श स्थापित किए, जो त्याग किया उनसे सीखने और उन पर अमल करने की जरूरत है। दोनों स्वतंत्रता सेनानियों ने इस तरह घर जाकर अभिनंदन करने पर हर्ष व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री का आभार जताया
स्वतंत्रता सैनानी श्री शोभाराम गहरवार ने मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि श्री गहलोत सदैव स्वतंत्रता सैनानियों का पूरा सम्मान और आदर करते हैं। श्री गहरवार ने जिला कलक्टर के समक्ष राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और स्वतंत्रता संग्राम की यादों को भी साझा किया।
श्री अग्रवाल ने कहा, आभार
स्वतंत्रता सैनानी श्री किशन अग्रवाल ने श्री जिला कलक्टर के यूं घर आकर सम्मान करने पर हर्ष जताया। उन्होंने कहा, कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने घर आकर सम्मान दिया है। हम आपके आभारी हैं। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती चंदा देवी का परिचय भी करवाया।
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का संदेश
चौहतरवें स्वाधीनता दिवस के पावन अवसर पर आपको हार्दिक बधाई और कोटि-कोटि नमन। देश की आजादी के लिए त्याग और बलिदान करने वाले तमाम स्वाधीनता सैनानियों का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए मैं स्वतंत्रता आन्दोलन में आपके अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए आपके स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना करता हूं।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और हमारे महान नेताओं की रहनुमाई में आप सबने लम्बी लड़ाई लड़कर देश को आजाद कराया। आपके इस त्याग और बलिदान के कारण ही हम सब स्वतंत्रता की खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं।
आपके जीवन एवं आदर्श से हमने बहुत कुछ सीखा है। विषम परिस्थितियों एवं अति विकट चुनौतियों का सामना करते हुए देश की आन-बान और शान के लिए आपने अपना सर्वस्व समर्पण कर दिया। आप सबका जीवन और सिद्धांत समस्त देशवासियों और अपने आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।
हमारे महान नेताओं ने इस देश में लोकतंत्र की नींव रखी और उसे मजबूत बनाने में अपना हरसम्भव योगदान दिया। इसी का नतीजा है कि आजादी के 7 दशकों के बाद भी देश में लोकतंत्र कायम हैं, यह आगे भी अक्षुण्ण रहे, इसके लिए सभी को लगातार सजग रहना होगा। आजादी के बाद देश के सर्वांगिण विकास के लिए हमारे नेताओं ने जिस सूझ-बूझ का परिचय दिया, उसी का परिणाम है कि आज दुनिया भारत का लोहा मानती है।
हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय समारोह में आपको सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाता है। इस वर्ष कोरोना महामारी के कारण आपकी गरिमामय उपस्थिति से हम सभी वंचित रहेंगे।
इस वर्ष हम ऐतिहासिक भारत छोड़ो आन्दोलन की 78वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं जिसमें आप जैसे स्वतंत्रता योद्धाओं की सशक्त भागीदारी एवं समर्पण से देश की आजादी की राह सुगम हुई। हमें अटूट विश्वास हैं कि आपका आशीर्वाद हमें अनवरत मिलता रहेगा।

error: Content is protected !!