स्मार्ट सिटी के कामों में तेजी लाने के निर्देश

अजमेर, 30 सितम्बर। जिला कलक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड अजमेर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बुधवार को नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी अधिकारियों के साथ शहर का दौरा किया। उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। नगर निगम आयुक्त डॉ. खुशाल यादव एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बुधवार को सुबह आठ बजे शहर का दौरा आरंभ किया। प्रशासनिक अधिकारियों सहित स्मार्ट सिटी परियोजना के अभियंताओं के साथ विभिन्न स्थानों पर चल रहे कार्यों का अवलोकन किया। जिला कलक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों से विकास कार्यों से जुड़ी प्लानिंग पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला कलक्टर श्री राजपुरोहित ने कचहरी रोड से केईएम तक एलीवेटेड रोड के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने आरएसआरडीसी के परियोजना निदेशक अरूण माथुर को कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जयपुर रोड पर अम्बेडकर सर्किल से एमडीएस तिराहे तक सड़क चैडाईकरण के कार्य का निरीक्षण किया। कार्य के दौरान आ रही विभिन्न रूकावटों पर उन्होंने अभियंताओं से चर्चा की।

जिला कलक्टर श्री राजपुरोहित ने जयपुर रोड पर चल रहे डिवाइडर के कार्य का भी अवलोकन किया। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सूचना केंद्र में 1.30 करोड़ की लागत से बन रहे नये ओपन एयर थियेटर एवं सूचना केंद्र में ही बन रही सरफेस पार्किंग का भी निरीक्षण किया। ओपन एयर थियेटर में 400 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। उन्होंने ओपन एयर थियेटर के चल रहे कार्य पर संतोष प्रकट किया। जिला कलक्टर श्री राजपुरोहित ने सूचना केंद्र परिसर में बनने वाली आर्ट गैलरी, लैंड स्कैपिंग के कार्य की डीपीआर बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके बाद उन्होंने पुष्कर रोड स्थित पुरानी विश्राम स्थली पर आनासागर लेक फ्रन्ट डवलपमेन्ट के कार्यों का निरीक्षण किया। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 6 करोड़ की लागत से आनासागर के किनारे पुरानी विश्राम स्थली पर बर्ड पार्क विकसित किया जा रहा है। यहां पर साईकल , जोगिंग, पाथ-वे, योगा सेन्टर, म्यूजिक्ल फाउन्टेन, एक्टिविटी पार्क, बॉटेनिकल गार्डन एवं बर्ड हेबिटेशन जोन बनाने का कार्य किया जा रहा है। आनासागर के किनारे आस-पास के क्षेत्र में एडीए की रिक्त भूमि पर लैंड -स्कैपिंग एवं पाथ-वे का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। जिला कलेक्टर श्री राजपुरोहित ने इस कार्य के लिए जल्द डीपीआर बनाने के निर्देश दिये।

अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक

जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने निरीक्षण के पश्चात कलेक्ट्रेट के सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में आरएसआरडीसी के परियोजना निदेशक अरूण माथुर ने एलीवेटेड रोड ने अब तक किए गए कार्य की जानकारी दी। जयपुर रोड पर पाइप लाइन शिफ्टिंग के लिए पीएचईडी अभियंताओं को निर्देश दिए गए। स्मार्ट सिटी परियोजना के जुड़े विभिन्न कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में स्मार्ट सिटी अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

error: Content is protected !!